
पटना। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले में शिवसेना नेता और राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने आरोप लगाते हुए कहा था कि सुशांत के पिता केके सिंह ने दूसरी शादी की है। इससे सुशांत सिंह और उनके पिता के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा था। संजय राउत ने शिवसेना के मुखपत्र ‘सामना’ में एक बड़ा सा लेख लिखा था। इसमें उन्होंने कहा था कि अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के पिता केके सिंह ने दूसरी शादी की थी। इस शादी को सुशांत ने स्वीकार नहीं किया था। इसे लेकर पिता-पुत्र के बीच रिश्ते ठीक नहीं चल रहे थे, हालांकि, अभिनेता सुशांत सिंह के मामा आरसी सिंह ने संजय राउत के बयान को गलत बताया है। उन्होंने कहा है कि सुशांत के पिता ने दो शादियां नहीं की हैं। संजय राउत इस तरह के गलत बयान देकर अफवाह फैला रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, आरसी सिंह शिवसेना नेता संजय राउत पर जमकर बरसे हैं। उन्होंने संजय राउत पर आरोप लगाते हिए कहा कि वे उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे के इशारे पर इस तरह के आधारहीन बयान दे रहे हैं। संजय राउत इस तरह का लेख लिखकर सुशांत सिंह और उनके पिता की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। दरअसल, संजय राउत ने मुख पत्र सामना में आरोप लगाते हुए कहा था कि सुशांत के उनके पिता से संबंध अच्छे नहीं थे। उनके पिता ने दूसरी शादी कर ली थी जिसे सुशांत ने स्वीकार नहीं किया। यही वजह है कि पिता से उसका भावनात्मक संबंध नहीं था। साथ ही संजय राउत ने कहा था कि उसी पिता को बरगलाकर बिहार में एक एफआईआर दर्ज कराई गई है।
अंकिता लोखंडे और रिया चक्रवर्ती पर भी टिप्पणी
बता दें कि इसके अलावा संजय राउत ने सुशांत के परिवार के बारे में सामना में लिखा था, ‘एक बात सत्य है कि सुशांत का पटना में रहने वाले अपने पिता से संबंध अच्छे नहीं थे। मुंबई ही उसका ‘आशियाना’ था। इस पूरे दौर में सुशांत, पिता और अन्य रिश्तेदारों से कितनी बार मिला, सुशांत कितनी बार पटना गया, ये सामने आने दो। अंकिता लोखंडे और रिया चक्रवर्ती ये दो अभिनेत्रियां उसके जीवन में थीं। इनमें से अंकिता ने सुशांत को छोड़ दिया था और रिया उसके साथ थी। अब अंकिता, रिया चक्रवर्ती के बारे में अलग बात कर रही हैं। असल में अंकिता और सुशांत अलग क्यों हुए इस पर प्रकाश डालने के लिए कोई तैयार नहीं है, जो कि जांच का एक हिस्सा होना चाहिए।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved