
डेस्क: बाहुबली और आरआरआर जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में देने के बाद निर्देशक एसएस राजामौली इन दिनों अपनी अगली फिल्म ‘वाराणसी’ में बिज़ी हैं. इस फिल्म में तेलुगू अभिनेता महेश बाबू, ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा और मलयालम अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन जैसे बडे़ सितारे अहम किरदारों में नज़र आने वाले हैं. फिल्म अगले साल रिलीज होगी, लेकिन अभी से ही इसका तगड़ा बज़ देखा जा रहा है. अब राजामौली के बेटे एसएस कार्तिकेय ने फिल्म के एक्शन सीक्वेंस पर बात की है. उन्होंने कहा कि ‘वाराणसी’ का एक्शन धमाकेदार होने वाला है.
हाल ही में कार्तिकेय ने एक बातचीत के दौरान फिल्म के एक्शन के बार में बताया. दरअसल 100वें ऑस्कर अवॉर्ड्स से अकैडमी स्टंट डिजाइन के लिए भी एक अवॉर्ड कैटेगरी शुरू करने वाली है. 2028 से ये अवॉर्ड मिलना शुरू होगा. ‘वाराणसी‘ 2027 में आ रही है. इसी को लेकर उनसे सवाल हुआ था कि क्या ‘वाराणसी’ को ऑस्कर में इस कैटगरी में नॉमिनेशन मिल सकता है?
कार्तिकेय ने फिल्म के एक्शन पर कहा, “स्टंट्स ऐसे हैं, जो दिमाग हिला देंगे. ये एकदम अलग तरह का एक्शन होगा, आपने जो आरआरआर या बाहुबली में देखा है, वैसा नहीं होगा. ये पूरी तरह से अलग तरह का एक्शन होगा, पर आप हर सीक्वेंस को देखते वक्त हैरान रह जाएंगे. तो, चलिए देखते हैं.
इससे पहले ‘हे जोनास’ पॉडकास्ट में निक, केविन और जो जोनास से बातचीत के दौरान प्रियंका चोपड़ा ने भी ‘वाराणसी’ के एक्शन सीन्स के बारे में बात की थी. उन्होंने कहा था, “मैं इस फिल्म में 14 महीनों से काम कर रही हूं. पर एसएस राजामौली फिल्म बनाने के लिए अपने हिसाब से वक्त लेने के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने मुझे इस फिल्म के लिए बुलाया, और ये दुनियाभर और अलग-अलग समय-कालों में होने वाला एक ज़बरदस्त एडवेंचर है. इसमें थोड़ा वक्त लगा है, लेकिन मैं इसे लेकर बहुत एक्साइटेड हूं. मैंने इसमें कई शानदार स्लो-मोशन जंप किए हैं. मैं इसके बारे में बस इतना ही कह सकती हूं.”
फिल्म पर लंबे वक्त से काम चल रहा है, लेकिन इससे जुड़ अहम जानकारियों को अभी छिपाकर रखा गया है. फिल्म में महेश बाबू रुद्र, प्रियंका चोपड़ा मंदाकिनी और पृथ्वीराज सुकुमारन कुंभ के रोल में नज़र आएंगे. ये फिल्म अगले साल 7 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज़ की जाएगी.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved