
जबलपुर। शहर को स्वच्छता के शिखर पर ले जाने और विकास कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने शुक्रवार को दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक 5 घंटे तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया और जमीनी स्तर पर चल रहे कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। निगमायुक्त ने कहा कि हमारा लक्ष्य शहर को केवल साफ दिखाना नहीं, बल्कि स्वच्छता को एक संस्कार के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने निरीक्षण के दौरान कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और गति से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सभी को ईमानदारी से कर्मठता और गंभीरता के साथ फील्ड में कार्य करने के निर्देश दिये।
वेस्ट टू एनर्जी प्लांट का निरीक्षण
निरीक्षण की शुरुआत स्वच्छता के आधार स्तंभों से हुई। निगमायुक्त ने कठौंदा स्थित वेस्ट टू एनर्जी प्लांट की संचालन व्यवस्था को देखा। उन्होंने यहाँ कचरे से बिजली बनाने की प्रक्रिया और कम्पोस्ट प्लांट्स की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर की स्वच्छता रैंकिंग को बेहतर बनाने के लिए कचरा प्रबंधन के सभी मापदंडों का कड़ाई से पालन किया जाए।
आईएसबीटी और डॉग हाउस
निगमायुक्त ने आईएसबीटी परिसर का भी अवलोकन किया, जहाँ यात्रियों की सुविधाओं और स्वच्छता को प्राथमिकता देने की बात कही गई। इसके अतिरिक्त, आवारा पशुओं के प्रबंधन हेतु बनाए गए डॉग हाउस की व्यवस्थाओं को भी परखा गया और शासन की गाइड लाइन के अनुसार संचालन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
मंदिर और माढ़ोताल तालाब
विकास कार्यों के निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त सिविक सेन्टर स्थित निर्माणाधीन भारत माता मंदिर पहुँचे। उन्होंने कहा कि इस मंदिर का लोकार्पण अत्यंत भव्य और ऐतिहासिक होगा, जो शहर की सांस्कृतिक पहचान बनेगा। इसके साथ ही निगमायुक्त ने माढ़ोताल तालाब के संरक्षण और सौंदर्यकरण को लेकर भी उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved