भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

देश विरोधियों को जवाब देगा, विकास का संदेश नीचे तक ले जाएगा सुघोष अभियान

  • भाजपा के आईटी और सोशल मीडिया के सुघोष का उद्घोष, वीडी शर्मा बोले

भोपाल। आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग द्वारा पूरे प्रदेश में चलाए जाने वाले सुघोष मंडल प्रशिक्षण अभियान-2022 के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को जो काम करना है, जो जिम्मेदारी निभानी है, वह कोई सामान्य काम नहीं है। यह अभियान आगे चलकर देश की राजनीति के इतिहास में एक महत्वपूर्ण स्थान बनाने जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से एकतरफ जहां झूठ और भ्रम फैलाकर देश तोडऩे की साजिश रचने वाले देशविरोधियों को जवाब दिया जाएगा, वहीं हमारी सरकारों की योजनाओं के माध्यम से विकास का संदेश बूथ स्तर तक ले जाया जाएगा। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने शुक्रवार को आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग द्वारा सुघोष मंडल प्रशिक्षण अभियान-2022 के संबंध में आयोजित कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कही।

हमें देशविरोधियों को जवाब देना है
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री की सरकार ने देश की सेनाओं को सुसज्जितकर और अधिकार संपन्न बनाकर देश को सुरक्षित बना दिया है। अब कहीं विस्फोट नहीं होते। सीमाएं सुरक्षित हैं, लेकिन देश के अंदर कई ऐसे लोग हैं, जो झूठ और भ्रम फैलाकर देश तोडऩे का एजेंडा चला रहे हैं। लोगों को भड़का रहे हैं। अभी हाल ही में कांग्रेस ने एक ऐसा वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसमें लोग खाद की बोरियां लूट रहे हैं। इसे कांग्रेस खाद की कमी के तौर पर प्रचारित कर रही है, लेकिन वास्तव में कांग्रेस के एक विधायक ने ही दुकान शटर खोलकर लोगों को खाद की बोरियां लूट लेने के लिए कहा था। इन लोगों को हम सोशल मीडिया पर सही तरीके से जवाब दे सकें, इसके लिए हमारे कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण हर स्तर पर आवश्यक है।


राजनीतिक दल में तकनीकी क्रांति है सुघोष
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज सारी दुनिया तकनीकी के जरिए आगे बढऩा चाहती है। हमारे प्रधानमंत्री मोदी जी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा जी, अमित शाह जी ने अपने काम से यह बताया है कि तकनीकी क्रांति किस तरह की जा सकती है। कोरोना काल में जब लोग एक-दूसरे से मिल नहीं सकते थे, हमने वर्चुअल सभाएं और बैठकें की। हमारी आईटी और सोशल मीडिया की टीम ने इस तकनीकी को अपनाया और हम सभी को इसमें पारंगत बनाया। बूथ डिजिटाइजेशन के काम में हमने सफलतापूर्वक तकनीकी का उपयोग किया। अब हम संगठन एप पर प्रत्येक बूथ की जानकारी प्रदेश कार्यालय में बैठकर देख सकते हैं। हमारी आईटी और सोशल मीडिया की टीम ने तकनीकी के क्षेत्र में पिछड़े कहे जाने वाले मध्यप्रदेश को अग्रणी बना दिया है। जिसके लिए टीम के सभी लोग और पार्टी कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं। अपने लोगों को और सक्षम बनाने के लिए अब हम सुघोष मंडल प्रशिक्षण अभियान-2022 शुरू करने जा रहे हैं, जो एक तकनीकी क्रांति साबित होगा।

हमारी ताकत बनेगा यह अभियान
शर्मा ने कहा कि हमने जब बूथ डिजिटाइजेशन का काम शुरू किया था, तब किसी को यह कल्पना नहीं थी कि 64 हजार बूथ डिजिटल हो जाएंगे। लेकिन हमारे कार्यकर्ताओं ने इसे संभव बनाया। अब हम सुघोष अभियान के अंतर्गत सभी 64634 बूथों पर दो-दो नौजवान तैयार करने जा रहे हैं, जो आईटी, सोशल मीडिया के उपयोग में पारंगत होंगे। शर्मा ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से हम अपनी सरकार के कामों और योजनाओं को तो बूथ स्तर तक पहुंचा ही पाएंगे, हर बूथ को सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी भी बना सकेंगे। उन्होंने कहा कि समाज की जो भी चाहत और जरूरत है, भाजपा को वहां पहुंचना है। आज सूचना क्रांति के बाद नेटवर्क भी गांव-गांव की मूलभूत जरूरत बन गया है और भाजपा के कार्यकर्ता सोशल नेटवर्क से लोगों को जोड़ेंगे। श्री शर्मा ने कहा कि हमारा लक्ष्य हर बूथ पर 51 प्रतिशत वोट हासिल करना है। यह अभियान इस लक्ष्य को हासिल करने में सहायक होगा और हमारी ताकत बनेगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान के दम पर हम आने वाले चुनाव में बड़ी जीत हासिल करेंगे।

Share:

Next Post

'आप में और हम में फर्क ये है', इरफान पठान का पाकिस्तान PM को मुंहतोड़ जवाब

Sat Nov 12 , 2022
नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में टीम इंडिया की हार पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ट्विटर पर टीम इंडिया का जमकर मजाक उड़ा था। अब उनके इस ट्वीट का मुंह तोड़ जवाब भारतीय पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान ने दिया है। इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में भारत के 10 विकेट से हारने […]