

सीहोर। जिला अस्पताल में शनिवार को करीब दो घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उमस और गर्मी के बीच वार्डों में भर्ती मरीज बेहाल हो गए, जबकि कई मरीज और उनके परिजन राहत की तलाश में अस्पताल के बरामदों में बैठे नजर आए। मामले की जानकारी मिलने पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती कांग्रेस नेताओं के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अस्पताल परिसर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत की। इस दौरान कई लोगों ने शिकायत की कि पिछले कुछ दिनों से अस्पताल में बार-बार बिजली कटौती हो रही है। शनिवार को भी करीब दो घंटे तक बिजली नहीं रही। अस्पताल कर्मचारियों ने बताया कि बिजली जाने के बाद जनरेटर चलाया गया था, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण वह भी बार-बार बंद हो रहा था।
ऑक्सीजन सपोर्ट पर भर्ती बच्चों को लेकर जताई चिंता
राजीव गुजराती ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू) में कई नवजात बच्चे भर्ती हैं, जो ऑक्सीजन सपोर्ट और अन्य जीवनरक्षक उपकरणों पर निर्भर हैं। ऐसे संवेदनशील वार्डों में बिजली आपूर्ति बाधित होना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति मरीजों, विशेषकर नवजात बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकती है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इतनी गंभीर स्थिति के बावजूद अस्पताल के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नजर नहीं आए।
कैंटीन और पार्किंग व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
निरीक्षण के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने सिविल सर्जन डॉ. उमेश श्रीवास्तव से अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि मरीजों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के बजाय अस्पताल प्रशासन अन्य व्यवस्थाओं पर अधिक ध्यान देता दिखाई देता है।
गुजराती ने कहा कि अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों को गर्मी से राहत देने के लिए पर्याप्त कूलर और पंखों की व्यवस्था नहीं है, जबकि कैंटीन और पार्किंग व्यवस्था पूरी तरह व्यवस्थित दिखाई देती है। उन्होंने सवाल उठाया कि अस्पताल आने वाले लोगों से पार्किंग शुल्क तो नियमित रूप से लिया जाता है, लेकिन मरीजों की सुविधाओं पर अपेक्षित ध्यान क्यों नहीं दिया जा रहा।
सुधार नहीं हुआ तो अस्पताल गेट पर होगा धरना
राजीव गुजराती ने अस्पताल प्रबंधन, विद्युत विभाग और जिला प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि जिला अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों की जान के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन तत्काल बिजली, सफाई और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करे। यदि जल्द ही हालात नहीं सुधरे, तो वे स्वयं अस्पताल के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठेंगे और कांग्रेस व्यापक आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह चेतावनी है, लेकिन मरीजों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस जनता के साथ सड़क पर उतरकर संघर्ष करेगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved