
इंदौर, विकाससिंह राठौर। साल की सबसे भीषण गर्मी वाले नौतपा ने आखिरी रात कल ठंडक के रिकॉर्ड तोड़ दिए। कल रात न्यूनतम तापमान गिरकर 18.6 डिग्री पर जा पहुंचा। यह इंदौर में जून के इतिहास में दर्ज दूसरा सबसे कम तापमान था, यानी कल की रात जून के इतिहास की दूसरी सबसे ठंडी रात बन गई। शाम से रात के बीच तेज हवाओं और करीब आधा इंच बारिश के कारण मौसम में ठंडक घुल जाने से ये कमी दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक आज भी तेज हवाओं के साथ बारिश देखने को मिलेगी।
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल शाम से रात के बीच 0.4 इंच बारिश दर्ज की गई। कल दिन का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री कम, लेकिन परसों की अपेक्षा 0.1 डिग्री ज्यादा था। वहीं रात से सुबह के बीच न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 7 डिग्री और कल की अपेक्षा 3.5 डिग्री कम था। इस दौरान हवाओं की दिशा पश्चिमी रही और अधिकतम रफ्तार 81 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंची। तेज हवाओं के कारण धूलभरी आंधी भी चली और गरज-चमक के साथ कहीं तेज तो कहीं हलकी बारिश देखने को मिली। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आज और अगले तीन दिनों तक ऐसा ही मौसम देखने को मिलेगा। हालांकि रात के तापमान में उछाल आ सकता है।
नन्ही बूंदों ने गर्मी को पछाड़ा
शहर में पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार कमी दर्ज की जा रही है। इसका कारण 30 मई से ही बदला मौसम है, जिसमें अकसर हलकी फुहारें देखने को मिल रही हैं। इन्हीं नन्ही बूंदों ने तीखी गर्मी को पछाड़ दिया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अब बारिश का दौर लगातार जारी रहेगा। बीच में अगर मौसम खुलता भी है तो भी तापमान में ज्यादा उछाल नहीं आएगा, सिर्फ उमस देखने को मिल सकती है। मौसम के बदलाव के बाद अब गर्मी की वापसी नहीं होगी और अच्छी बारिश के बाद दिन के तापमान में और कमी आएगी। इससे गर्मी से तपते शहर को राहत मिलेगी।
2020 रहा सबसे ठंडा
मौसम विभाग के अनुसार अब से पहले जून में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6 साल पहले 2020 में 4 जून की रात दर्ज किया गया था, तब पारा गिरकर 18.4 डिग्री तक पहुंचा था, जो कल रात की अपेक्षा सिर्फ 0.2 डिग्री कम था। यानी अगर कल रात तापमान में थोड़ी भी और कमी आती तो यह जून के इतिहास की सबसे ठंडी रात बन जाती। वहीं तीसरा स्थान अब से 68 साल पहले 12 जून 1958 के नाम पर दर्ज है, जब तापमान 18.9 डिग्री पर पहुंचा था।
एक नजर पिछले 10 साल के न्यूनतम तापमान पर
वर्ष न्यू. तारीख
2016 21.5 25
2017 21.2 8
2018 21.5 3
2019 21.8 25
2020 18.4 4
2021 21.8 3
2022 21.4 24
2023 21.0 4
2024 22.6 8
2025 22.1 28
2026 18.6 3
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved