भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

भोपाल में छायी ईद की खुशी…परशुराम जयंती का उल्लास

भोपाल। राजधानी में आज जहां एक ओर ईद मनाई जा रही है वहीं दूसरी ओर परशुराम जयंती का उल्लास छाया हुआ है। आज अक्षय तृतीया होने के कारण मंदिरों में भी भीड़ उमड़ी है।

खुदा की इबादत में झुके सिर
एक महीने तक खुदा की इबादत करने के बाद आज भोपाल में ईद मनाई जा रही है। ईद की मुख्य नमाज ईदगाह पर हुई। सुबह 7 बजे हजारों नमाजियों ने एकसाथ नमाज पढ़ी और देश-दुनिया में अमन-चैन की दुआएं मांगी। नमाज से पहले शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी ने तकरीरें कीं। फिर जामा मस्जिद, ताजुल मसाजिद और मोती मस्जिद में नमाज हुई। इसके बाद शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मस्जिदों भी नमाज हुई। शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी ने ईद की नमाज से पहले मुस्लिम धर्मावंबियों को संबोधित किया और रमजाम की महत्ता बताई। नमाज के बाद खुतबा हुआ और बाद में दुआ की गई। नमाज के बाद एक-दूसरे से गले लगकर ईद की बधाई दी गई। इसके बाद दावतों का शुरू हो गया।


शहर में लगा जाम
ईदगाह पर हुई मुख्य नमाज के बाद शहर के कई इलाकों में जाम की स्थिति बन गई। पुराने शहर के कई इलाकों में भारी भीड़ और जाम में हजारों लोग फंसे रहे। ईदगाह हिल्स की ओर जाने वाली सभी रास्तों के साथ हमीदिया अस्पताल के बाहर भी जाम की स्थिति बनी। लालघाटी से लेकर वीआईपी रोड, पीरगेट, शाहजहांनाबाद सहित कई इलाकों में जाम लगता रहा। लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे। भारत टॉकीज ओवरब्रिज बंद होने के कारण ईदगाह जाने वाले लोगों को तीन किलोमीटर का लंबा फेरा लेकर जाना पड़ा। सैयद अलमास अली ने बताया कि पातरा अंडर ब्रिज बाग उमराव दूल्हा की दोनों सकरी गलियों में जाम के कारण परेशान होते रहे।

देर रात तक बाजारों में रही भीड़
शुक्रवार को ईद का चांद दिखा था। इसके बाद शनिवार को ईद मनाने का ऐलान कर दिया गया था। शुक्रवार देर रात तक भोपाल के बाजारों में भीड़ देखने को मिली। चौक बाजार, इब्राहिमपुरा, नदीम रोड, लखेरापुरा, इतवारा, बुधवारा के अलावा जहांगीराबाद और काजी कैंप आदि में ईद का ऐलान होते ही भीड़ बढ़ गई। लोग ईद की बाकी रह गई तैयारियों को पूरा करने के लिए बाजारों की तरफ दौड़ लगाते दिखाई दिए। शहर में कई स्थानों पर बन गए अस्थायी ईद बाजारों में भी खासी भीड़ दिखाई दी। हमीदिया रोड और टीला जमालपुरा क बाजारों में भी खरीदारों की भीड़ को देखते हुए इन इलाकों को नो व्हीकल जोन घोषित करना पड़ गया। साथ ही कई स्थानों पर यातायात व्यवस्था संभालने पुलिस प्रशासन को भी मोर्चा संभालना पड़ा।

गुफा मंदिर में धर्मसभा का भी आयोजन
राजधानी में परशुराम जयंती मनाई जा रही है। गुफा मंदिर स्थित भगवान परशुराम प्रतिमा की पूजा अर्चना की गई। धर्मसभा का भी आयोजन रखा गया है। इसमें अक्षयोत्सव में बागेश्वर धाम सरकार के प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भी शामिल हो रहे हैं। इस मौके पर सुबह नौ बजे लालघाटी चौराहे से गुफा मंदिर तक कलश शोभायात्रा निकाली गई। इसमें सैकड़ों महिलाएं शामिल हुई। सड़क के दोनों ओर राजधानी के विभिन्न संगठनों द्वारा मंच बनाकर स्वागत सत्कार किया गया। भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर ब्राह्मण समाज ने भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। कार्यक्रम का आयोजन ब्रह्मश्री सर्वब्राह्मण कल्याण समिति द्वारा आयोजित किया जा रहा है। समिति के अध्यक्ष शलभ गार्गव ने बताया कि शाम 6 बजे से माता मंदिर स्थित प्लेटिनम प्लाजा से विशाल वाहन रैली निकलेगी जो जवाहर चौक अटल पथ पर पहुंचेगी। जहां महाआरती के बाद भव्य आतिशबाजी तथा विशाल भंडारा होगा। समिति अध्यक्ष ने कार्यक्रम में सभी विप्र बंधुओं से बड़ी संख्या में शामिल होने का आग्रह किया है।

Share:

Next Post

सरकारी गेहूं खरीदी में 12 प्रतिशत का इजाफा

Sat Apr 22 , 2023
स्थानीय मंडियों में आवक कमजोर है, जबकि भाव स्थिर बने हैं भोपाल। ताजा सीजन में एमएसपी पर गेहूं की सरकारी खरीदी का आंकड़ा 11.14 मिलियन टन पर पहुंच गया है। 19 अप्रैल तक की अवधी में बीते वर्ष की तुलना में गेहूं की सरकारी खरीदी 12 प्रतिशत ज्यादा दर्ज हुई है। बीते साल इसी अवधि […]