बड़ी खबर

देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 29.70 लाख के पार और मृतक संख्या 56 हजार के निकट पहुंची

नई दिल्ली। देश में कोरोना का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है और शुक्रवार देर रात तक संक्रमण के 65 हजार से अधिक नए मामले सामने आने से कुल संक्रमितों का आंकड़ा 29.70 लाख के पार तथा 945 मरीजों की मौत से मृतकों की संख्या 56 हजार के निकट जा पहुंची। वायरस के बढ़ते कहर के बीच राहत की बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर में लगातार सुधार हो रहा है और आज यह 74.50 फीसदी से ऊपर निकल गई। महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश और तमिलनाडु समेत विभिन्न राज्यों से मिली जानकारी के अनुसार आज देर रात तक 65,928 नए मामले सामने आने से संक्रमितों का कुल आंकड़ा 29,70,268 तथा मृतकों की संख्या 55,920 हो गई है।

स्वस्थ होने वालों की अपेक्षा नए मामलों में निरंतर वृद्धि के कारण सक्रिय मामले भी बढ़ते जा रहे हैं। आज 4,638 और मरीज बढ़ जाने से कुल सक्रिय मामले 6,96,666 हो गए। इस दौरान 59,199 लोगों के स्वस्थ होने से संक्रमण मुक्त होने वालों का आंकड़ा 22 लाख को पार कर 22,17,140 पर पहुंच गया, जिससे स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर गत दिवस के 74.22 प्रतिशत से आज सुधरकर 74.64 फीसदी पर पहुंच गई। मृत्यु दर भी घटकर 1.88 फीसदी रह जाने से राहत मिली है।

राज्यों से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक महाराष्ट्र में सबसे अधिक 14,161 मामले सामने आए। इसके बाद आंध्र प्रदेश में 9544, कर्नाटक में 7571, तमिलनाडु में 5995, उत्तर प्रदेश में 4905, पश्चिम बंगाल में 3245, ओडिशा में 2698, बिहार में 2461, केरल में 1983, पंजाब में 1503, दिल्ली में 1250, गुजरात में 1204, हरियाणा में 1203 तथा मध्यप्रदेश में 1147 नए मामले दर्ज किए गए। कोरोना महामारी से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण के रिकॉर्ड 14,161 मामले सामने आने के बाद संक्रमितों का कुल आंकड़ा 6,57,450 पहुंच गया। राज्य में इस दौरान 11,749 मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या भी 4,70,873 हो गई है। राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर 72 फीसदी के करीब 71.62 प्रतिशत हो गई है।

इस दौरान 339 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 21,698 हो गई है। मृत्यु दर आंशिक गिरावट से 3.30 प्रतिशत रह गई। महाराष्ट्र में चिंता की असली वजह यह है कि सक्रिय मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। आज यह 2,071 से बढ़कर 1,64,562 पर पहुंच गई। आंध्र प्रदेश में सक्रिय मामले आज 626 बढ़कर 87,803 हो गए। पिछले 24 घंटों के दौरान 9,544 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या 3,34,940 हो गई। इस दौरान राज्य में स्वस्थ लोगों की संख्या भी 8,827 से बढ़कर 2,44,045 हो गई है। इस दौरान 91 और लोगों की मौत के बाद मृतकों का आंकड़ा 3,092 पहुंच गया है।

कर्नाटक में सक्रिय मामलों में आज 917 की वृद्धि दर्ज की गई जिससे सक्रिय मामले बढ़कर 83,066 हो गए। पिछले 24 घंटों के दौरान 7,571 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,64,546 पहुंच गई है तथा इस दौरान 6,561 मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या बढ़कर 1,76,942 हो गई है। राहत की बात यह है कि स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर बढ़कर आज 66.88 फीसदी हो गई जो गुरुवार को 66.30 प्रतिशत थी। इसी अवधि में 93 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 4,522 हो गई है। कोरोना संक्रमण और मौत के मामलों में महाराष्ट्र के बाद दूसरे स्थान पर स्थित तमिलनाडु में कोरोना वायरस के सक्रिय मामलों की संख्या में 130 की वृद्धि दर्ज की गई है। इसके साथ ही सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 53,413 हो गई।

आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में सक्रिय मामले घटकर 47,785 हो गए हैं तथा इस महामारी से 2797 लोगों की मौत हुई है जबकि 1,26,657 मरीज ठीक हुए हैं। दिल्ली में सक्रिय मामलों में आज 155 और मामलों की बढोतरी भी चिंता बढ़ाने वाली है। सक्रिय मामले बढ़कर 11,426 हो गए। देश में दिल्ली का स्थान सर्वाधिक रिकवरी दर वाले राज्यों में है लेकिन चिंता की बात यह है कि इस दौरान रिकवरी दर में आंशिक गिरावट के साथ आज यह 90.10 फीसदी रह गई। राजधानी में कोरोना वायरस संक्रमण से आज 13 और मरीजों की जान चली गई इसके साथ ही इस जानलेवा वायरस से अब तक 4,270 की मौत हो चुकी है।

सातवें स्थान पर कायम पश्चिम बंगाल में इस दौरान 3,245 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या 1,32,364 हो गई है लेकिन राहत की बात यह है कि इस दौरान 3,082 और मरीजों के स्वस्थ होने से रोगमुक्त लोगों की संख्या बढ़कर 1,01,871 हो गई है। यानी मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 76.96 फीसदी पहुंच गई। इसी अवधि में 55 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या 2,689 हो गई है। तेलंगाना में कोरोना के 21,687 सक्रिय मामले हैं और 737 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 76,967 लोग इस महामारी से ठीक हुए हैं। गुजरात में सक्रिय मामले घटकर 14,222 हो गए हैं तथा 2,867 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 67,377 लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं।

कोरोना महामारी से अब तक मध्यप्रदेश में 1185, पंजाब में 991, राजस्थान में 933, जम्मू-कश्मीर में 593, हरियाणा में 585, ओडिशा में 443, झारखंड में 291, असम में 227, केरल में 204, उत्तराखंड में 192, छत्तीसगढ़ में 180, पुड्डुचेरी में 143, गोवा में 135, त्रिपुरा में 69, चंडीगढ़ में 33, अंडमान निकोबार द्वीप समूह में 32, हिमाचल प्रदेश में 24, मणिपुर में 20, लद्दाख में 19, नागालैंड में सात, मेघालय में छह, अरुणाचल प्रदेश में पांच, सिक्किम में तीन तथा दादर-नागर हवेली एवं दमन-दीव में दो लोगों की मौत हुई है।

Share:

Next Post

इन आदतों के कारण बढ़ता है अल्‍जाइमर का खतरा

Sat Aug 22 , 2020
किसी बात या काम को भूल जाना आम बात है लेकिन जब आप हमेशा कुछ न कुछ भूलने लगे, तो आपको सचेत हो जाना चाहिए क्योंकि भागती-दौड़ती जिंदगी में अल्जाइमर का खतरा बढ़ता जा रहा है। ऐसे में आपको इससे बचने के लिए यह जान लेना जरुरी है कि आखिर अल्जाइमर है क्या- क्या है […]