देश भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

प्रधानमंत्री आज 9 करोड़ किसान परिवारों के बैंक खातों में जमा करेंगे 18 हजार करोड़

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज (शुक्रवार को) प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत देश के 9 करोड़ किसान परिवारों के बैंक खातों में कुल 18 हजार करोड़ रुपये का अंतरण (वर्चुअली) करेंगे। इसमें मध्यप्रदेश के 78 लाख किसानों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान होशंगाबाद जिले के बाबई में आयोजित कार्यक्रम में किसानों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रात: 11 बजे से मुख्यमंत्री का संबोधन होगा तथा दोपहर 12 बजे से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअली किसानों को संबोधित करेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी महेश दुबे ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देशभर के किसानों को दो-दो हजार रुपये की सौगात देंगे। इस दौरान प्रदेश के 78 लाख किसान लाभान्वित होंगे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को प्रदेश के सभी जिलों में लाइव देखने की व्यवस्था की गई। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान होशंगाबाद जिले के बाबई में आयोजित कार्यक्रम से जुड़ेंगे और किसानों को संबोधित करेंगे। मंत्रि-परिषद के सदस्य इस कार्यक्रम में अन्य जिलों से शामिल होंगे।

गृह एवं जेल मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा दतिया, लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव सागर जिले की रहली, वन मंत्री कुँवर विजय शाह उमरिया जिले के बाँधवगढ़,  वित्त एवं वाणिज्यिक कर मंत्री जगदीश देवड़ा मंदसौर,  खाद्य, नागरिक आपूर्ति मंत्री बिसाहूलाल सिंह अनूपपुर जिले के जैतहरी, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया शिवपुरी जिले के ग्राम कोद,  नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह सागर जिले के मालथौन, आदिम-जाति कल्याण एवं अनुसूचित-जाति कल्याण मंत्री मीना सिंह उमरिया जिले के मानपुर और किसान कल्याण एवं कृषि मंत्री कमल पटेल होशंगाबाद जिले के बाबई से कार्यक्रम में शामिल होंगे।

खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह पन्ना जिले के अजयगढ़, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग भोपाल, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी रायसेन जिले के साँची, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया भोपाल, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ग्वालियर, सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण मंत्री प्रेम सिंह पटेल बड़वानी, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा नीमच, पर्यटन, संस्कृति एवं आध्यात्म मंत्री उषा ठाकुर इंदौर जिले के महू, सहकारिता एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया भिंड जिले के स्योड़ा, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री हरदीप सिंह डंग मंदसौर जिले के सीतामऊ, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव धार जिले के बदनावर, उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण (स्वतंत्र प्रभार) राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह ग्वालियर, स्कूल शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) राज्यमंत्री इंदर सिंह परमार शाजापुर जिले के गुलाना. पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण (स्वतंत्र प्रभार) राज्यमंत्री राम खेलावन पटेल सतना जिले के रामनगर, आयुष (स्वतंत्र प्रभार) राज्य मंत्री रामकिशोर कांवरे बालाघाट, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी राज्यमंत्री बृजेन्द्र सिंह यादव अशोकनगर जिले के मुंगावली, लोक निर्माण विभाग राज्य मंत्री सुरेश धाकड़ भोपाल और नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री ओपीएस भदौरिया भिण्ड जिले के मेहगांव से कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।

कार्यक्रम को दूरदर्शन मध्यप्रदेश तथा अन्य चैनलों के माध्यम से सीधे देखा जा सकता है। साथ ही वेबलिंक Webcast.gov.in/mp/cmevents, फेसबुक लिंक /CMmadhyapradesh, /Jansampark. madhyapradesh एवं ट्विटर लिंक @Cmmadhyapradesh, @jansamparkMP के माध्यम से भी सीधे देखा जा सकता है।

Share:

Next Post

क्रिसमस के अवकाश पर शेयर बाजार, वायदा बाजार में कारोबार बंद

Fri Dec 25 , 2020
मुंबई। क्रिसमस का अवकाश होने के कारण शुक्रवार को शेयर बाजार और वायदा बाजार में कारोबार बंद है। वायदा बाजार में शाम के सत्र में भी शुक्रवार को कारोबार बंद रहेगा। ईसाई धर्म के संस्थापक ईसा मसीह की जयंती 25 दिसंबर को पूरी दुनिया में क्रिसमस के त्योहार के रूप में मनाया जाता है। भारतीय […]