img-fluid

इंदौर में एयरपोर्ट से गांधीनगर का मार्ग बंद

March 16, 2026

  • मैट्रो की मनमानी से शहर परेशान…

इंदौर। चंद सवारियों के साथ चल रही मेट्रो की मनमानी पूरे शहर को परेशानी में डाल रही है। कल रात से एयरपोर्ट से सुपर कॉरिडोर और गांधीनगर की ओर जाने वाले रास्ते को मेट्रो स्टेशन निर्माण के नाम पर बंद कर दिया गया है। यहां से गुजरने वाले सभी वाहनों को डायवर्ट कर बिजासन मंदिर मार्ग से होकर आगे सुपर कॉरिडोर एक्सटेंशन से गुजरने की सलाह दी गई है। इसके कारण बिजासन मंदिर मार्ग पर रात से यातायात का भारी दबाव बढ़ गया है। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस डायवर्शन से व्यवस्था बिगड़ रही है। इसके चलते इसे खुलवाया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि एयरपोर्ट के नए टर्मिनल के सामने बिजासन टेकरी के नीचे अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन के निर्माण का काम चल रहा है। इसके लिए मेट्रो कंपनी एयरपोर्ट विस्तार के लिए आवंटित जमीन के बड़े हिस्से का इस्तेमाल कर रही है। सुपर कॉरिडोर की ओर से मेट्रो एयरपोर्ट के थोड़ा पहले जमीन में प्रवेश करते हुए इस स्टेशन तक पहुंचेगी। इस काम के लिए कंपनी ने कल रात से एयरपोर्ट से सुपर कॉरिडोर और गांधीनगर की ओर जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया है। इस मार्ग के ट्रैफिक को बिजासन मार्ग पर डायवर्ट कर दिया गया है। इसके कारण रात से ही आम लोगों से लेकर एयरपोर्ट के यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को एयरपोर्ट से बिजासन रोड होते हुए दिलीप नगर कॉर्नर से सुपर कॉरिडोर एक्सटेंशन पर होते हुए कॉरिडोर चौराहे तक जाकर आगे अपना सफर पूरा करना पड़ रहा है। बिजासन रोड पर टू लेन होने के कारण वैसे ही ट्रैफिक का दबाव रहता है और सुबह भी एयरपोर्ट पर कई उड़ानों के आने के कारण इस रोड पर पूरे समय जाम की स्थिति बनी रही।

बिजासन रोड इतने ट्रैफिक के लिए सक्षम नहीं, अभी कोई तैयारी भी नहीं

एडिशनल डीसीपी पश्चिम संतोषकुमार कौल ने बताया कि एयरपोर्ट से सुपर कॉरिडोर की ओर जाने वाले मार्ग को बंद किए जाने की जानकारी उन्हें नहीं थी। कल रात जब वहां मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने उन्हें इसकी जानकारी दी तो उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को इससे होने वाली अव्यवस्थाओं के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि इस रूट पर अगर जाने वाला ट्रैफिक डायवर्ट किया जाता है तो आने वाले ट्रैफिक को रोकना पड़ेगा और इसे वन-वे की तरह ही इस्तेमाल करना पड़ेगा। इससे पहले यहां संकेतक और लाइट्स भी लगाना पड़ेंगी। इसके बाद भी इतने ट्रैफिक के लिए बिजासन रोड सक्षम नजर नहीं आता है। वर्तमान अव्यवस्था को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने रोड खुलवाने के निर्देश दिए हैं, जिसे तुरंत खुलवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आगे अगर डायवर्शन की जरूरत भी पड़ेगी तो पूरी योजना के साथ इसे लागू किया जाएगा, ताकि लोगों को परेशानी न हो।

अधिकारियों ने बिना समझे दी अनुमति

बताया जा रहा है कि मेट्रो कंपनी द्वारा कुछ दिनों पहले ट्रैफिक डीसीपी से रूट डायवर्शन के लिए अनुमति मांगी गई थी। उनके द्वारा बिना जमीनी अधिकारियों से चर्चा किए अनुमति जारी कर दी गई। कल रात जब व्यवस्था लागू हुई तो यहां मौजूद ट्रैफिक टीआई ने इस पर आपत्ति भी ली, लेकिन कंपनी अधिकारियों ने अनुमति होने की बात कहते हुए उन्हें चुप कर दिया।

तीन दिन बाद नवरात्रि मेला 

19 मार्च से चैत्र नवरात्रि की शुरुआत हो रही है। इस दौरान बिजासन मंदिर पर मेला भी आयोजित किया जाता है, जिससे इस रोड पर पैदल और वाहनों का भारी दबाव रहेगा।

एयरपोर्ट प्रबंधन करेगा बात

एयरपोर्ट डायरेक्टर सुनील मग्गीरवार ने बताया कि मेट्रो कंपनी द्वारा उनसे इस रोड को बंद किए जाने के संबंध में कोई अनुमति नहीं ली गई है। ऐसे में मुख्य मार्ग को बंद कर ट्रैफिक इस रोड पर डायवर्ट नहीं किया जा सकता। वे आज ही कलेक्टर और सांसद से बात करेंगे।

Share:

  • इंदौर: आग के बीच पहुंचेगा रोबोट, स्क्रीन पर देगा जानकारी

    Mon Mar 16 , 2026
    जयपुर की एक फर्म से निगम ने खरीदा पौने दो करोड़ का फायर रोबोट इंदौर। आने वाले दिनों में आग की घटनाओं में निगम फायर रोबोट का उपयोग करेगा और इसे जयपुर की एक कंपनी से पौने दो करोड़ में खरीदा गया है। एक-दो दिनों में इसका लोकार्पण होगा। इस रोबोट की खासियत है कि […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved