नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान (India and Pakistan ) से तनाव के बीच गुरुवार को हरियाणा के पानीपत से एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है। 24 साल के नौमान इलाही (Nauman Elahi) पर आरोप है कि वह भारत से ही संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान को भेजता था। जासूसी के आरोपी इलाही पर आरोप है कि उसके संपर्क आईएसआई हैंडलर इकबाल काना से थे। पुलिस की जांच में पता चला कि उत्तर प्रदेश के कैराना में भी कुछ लोग उसके संपर्क में थे।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इलाही लंबे समय तक कैराना में पासपोर्ट एजेंट का काम कर चुका है। मुस्लिम देशों में जाने के लिए वह लोगों के पासपोर्ट बनवाता था। इसें पाकिस्तान भी शामिल था। जानकारी के मुताबिक इसी दौरान उसका संपर्क काना से हुआ। सूत्रों का कहना है कि काना का भी ताल्लुक कैराना से ही है। 30 साल पहले ही वह भारत छोड़कर पाकिस्तान में बस चुका है।
पांच महीने पहले ही वह अपनी बहन के साथ रहने के लिए पानीपत पहुंचा था। एक कंबल फैक्ट्री में उसने गार्ड की नौकरी कर ली। अकसर वह काम छोड़कर रेलवे स्टेशन जाता था और ट्रेनों की वीडियो बनाता था। पुलिस का कहना है कि उसे एक वीडियो के लिए 4 से 5 हजार रुपये मिलते थे। वह लगातार पाकिस्तान भेजता रहता था। जांच एजेंसियां इलाही द्वारा प्रोसेस कराए गए पासपोर्ट के बारे में भी छानबीन कर रही हैं। नौमान की बहन जीनत ने कहा जीनत ने कहा, ‘अगर उसने इस तरह की हरकत की है जैसा कि आरोप लगाया जा रहा है, तो उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए।’ परिवार ने बताया कि नौमान ने 10वीं कक्षा तक पढ़ाई की है।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved