img-fluid

ये पॉलिटिक्स है प्यारे

November 17, 2025

कांग्रेस की हवा निकली, भाजपा मैदान में
मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण का कार्य शुरू हो गया है। वोट चोरी को लेकर हल्ला मचाने वाली कांग्रेस फिर से मैदान पकडऩे से दूर है। कांग्रेस ने अपने बूथ लेवल के एजेंट तो नियुक्त कर लेने का दावा किया, लेकिन कहीं भी मैदान पकडते हुए कांग्रेसी नजर नहीं आ रहे हैं। जिला कांग्रेस ने इन एजेंट की ट्रेनिंग भी कर ली, लेकिन शहर कांग्रेस तो वह भी नहीं कर पा रही है। इसके विपरीत भारतीय जनता पार्टी में तो संगठन का ढांचा बेहतर तरीके से बना हुआ है। पार्टी के बूथ लेवल एजेंट के साथ ही संगठन के पदाधिकारी और पार्षदों ने भी मैदान पकड़ लिया है। भाजपा के नेता तो प्रशासन के बीएलओ के साथ जाकर मतदाता सूची की जांच कर रहे हैं और कांग्रेस के नेता अपने घर में बैठे हुए हैं। जब पुनरीक्षण का कार्य पूरा हो जाएगा तो फिर कांग्रेस के नेता दोषारोपण करेंगे। ऐसी स्थिति के लिए ही कहते हैं कि अब पछताए होत क्या जब चिडिय़ा चुग गई खेत… कांग्रेसियों की तो आदत ही बाद में पछताने की होती है।

गौरव ने हासिल किया गौरव
भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष और वर्तमान प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे उन नेताओं में से हैं, जिन्हें की भाजपा द्वारा सीधे तौर पर किसी सीट की पूर्ण जिम्मेदारी दी गई थी। गौरव को बिहार की कटोरिया विधानसभा सीट की जिम्मेदारी दी गई थी, जो कि आदिवासी वर्ग के लिए आरक्षित सीट है। इस सीट पर पिछले विधानसभा चुनाव में तो भाजपा ने जीत दर्ज की थी, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में राजद ने इस सीट से लीड लेकर खतरे की घंटी बजा दी थी। गौरव ने वहां जाकर डेरा डाला और फिर जिस तरह से इंदौरी स्टाइल में बूथ मैनेजमेंट किया, उसका परिणाम यह हुआ कि इस चुनाव में भाजपा ने 10 हजार से ज्यादा मतों से जीत दर्ज की है। गौरव ने अपने नाम को सार्थक करते हुए पार्टी को गौरव दिलवा दिया है। अब इंदौर की भाजपा में जो गौरव के प्रेमी है, वह परेशान हैं। इन प्रेमियों को गौरव भी एक के बाद एक झटके दे रहे हैं। अब देखना है कि झटकोंं का यह सिलसिला कब थमता है।

चिंटू का मास्टर स्ट्रोक
इंदौर नगर निगम ने देपालपुर को स्वच्छ बनाने के लिए गोद ले लिया। अब नगर निगम के अधिकारी कर्मचारी वहां जाकर काम भी कर रहे हैं और काम करना भी सिखा रहे हैं। ऐसे में भाजपा के नेता भी श्रेय लेने का कोई मौका छोडऩे को तैयार नहीं है। देपालपुर के विधायक सबसे स्वच्छ वार्ड को अपनी ओर से इनाम देने की घोषणा कर चुके हैं। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इंदौर नगर निगम को दान में मिली हुई घर-घर से कचरा संग्रहण की 6 गाडिय़ों में से तीन गाड़ी देपालपुर को दान कर दी। अब भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष चिंटू वर्मा ने मास्टर स्ट्रोक मार दिया। जब महापौर तीन गाडिय़ां देपालपुर को देने के लिए पहुंचे तो इस कार्यक्रम में चिंटू ने घोषणा कर दी कि देपालपुर के सभी 30 हजार घरों को गीले और सूखे कचरे के लिए 2-2 डस्टबिन उनकी ओर से दी जाएगी। इस घोषणा के साथ ही डस्टबिन वितरण का कार्य भी शुरू हो गया। चिंटू ने अपनी ओर से ऐसी घोषणा कर दी की देपालपुर के एक-एक घर तक उनकी टीम का जीवंत संपर्क हो जाएगा। चिंटू की इस घोषणा से इस क्षेत्र के विधायक के समर्थकों में बेचैनी की स्थिति बन गई है। अब देखना है कि विधायक इस पहल के जवाब में देपालपुर को क्या दे पाते हैं?

सक्रिय हैं नेता प्रतिपक्ष के दावेदार
नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष के पद पर आसीन होने के लिए दावेदार पूरी ताकत के साथ सक्रिय हैं। अब इन दावेदारों को भोपाल से भी समर्थन और ताकत मिलना शुरू हो गई है। पूरे प्रदेश में शहर कांग्रेस के अध्यक्ष चिंटू चौकसे ही एकमात्र ऐसे नेता हैं, जिनके पास दो पद हैं। शहर अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष के दोनों पदों पर एक साथ काम कर रहे हैं। पिछले दिनों हुए ऑडियो कांड के बाद अब कांग्रेस के अंदर खाने में नेता प्रतिपक्ष का पद दूसरे पार्षद को देने के लिए दबाव और प्रभाव की राजनीति शुरू हो गई है। अभी तो इस राजनीति पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ब्रेक लगा रहे हैं, लेकिन कांग्रेस में जो कुछ हो रहा है, उसे देखते हुए यह सभी को समझ में आ रहा है कि पटवारी भी ज्यादा समय तक ब्रेक नहीं लगा पाएंगे।

विधायकों ने अपनी पसंद बदली
राज्य सरकार द्वारा अब निगम मंडल में नियुक्ति का सिलसिला शुरू किया जा रहा है। बिहार चुनाव के कारण यह सिलसिला शुरू होने से पहले ही रुक गया था। अब चुनाव भी हो गए और परिणाम भी भाजपा के लिए बहुत सुविधाजनक रहे हैं। ऐसी स्थिति में अब मध्य प्रदेश में जल्द ही नियुक्तियां शुरू की जा रही है। इन नियुक्तियों में निगम मंडल के साथ ही नगर निगम में एल्डरमैन की नियुक्ति भी की जाना है। एल्डरमैन की नियुक्ति के लिए पिछले दिनों भाजपा संगठन द्वारा अपने सभी विधायकों से चर्चा कर उनकी अनुशंसा प्राप्त कर ली गई थी। यह अनुशंसा लिए हुए वक्त हो गया। ऐसे में भाजपा संगठन ने एक बार फिर विधायकों से पूछ लिया कि क्या उन्होंने पहले जो अनुशंसा की थी, वही उनके अनुशंसा है या उसमें कोई परिवर्तन है। इंदौर के सभी विधायकों ने अपनी अनुशंसा परिवर्तित कर दी है। इसके साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से भी नियुक्ति के लिए नाम आ गए हैं। संगठन द्वारा भी नेताओं के समर्थन से अलग हटकर केवल संगठन की लाइन पर चलते हुए काम करने वाले लोगों के नाम नियुक्ति के लिए अलग निकाल दिए गए हैं। अब इस नियुक्ति के अभियान में नियुक्ति पा लेना किसी लॉटरी लगने से कम नहीं है। कोशिश तो हर कोई पूरी कर रहा है, लेकिन लॉटरी किसकी लगेगी, इसका जवाब वक्त देगा।

चावड़ा के लिए मुश्किल है हजार
जिला भाजपा के अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा खूब कोशिश करके भी अपनी टीम नहीं बना पा रहे हैं। जिला इकाई का गठन करने की उनकी हसरत पर बड़े नेताओं के दबाव और प्रभाव से पानी फिर जाता है। वे खुद भी यह तय नहीं कर पा रहे हैं कि कौन से नेता के कौन से समर्थन को उन्हें कौन से पद पर स्थान देना है और किसी नेता को यह कहना है कि अभी आपके समर्थक को एडजस्ट नहीं कर पाएंगे। दरअसल भाजपा के तेज तर्रार नेताओं के सामने चावड़ा सीधे पड़ जाते हैं। हर नेता उन्हें अपने हिसाब से समझाता है और अपना ज्ञान गणित दे जाता है। चावड़ा का बार-बार जिस तरह से ब्रेनवाश किया जा रहा है, उससे वह खुद कंफ्यूज हो गए हैं। उनकी ओर से भी बहुत सारे नेताओं को जिला इकाई में पद के लिए आश्वासन का लड्डू दे दिया गया है। अब ऐसी स्थिति में जब जिला इकाई के नाम की घोषणा होगी, तब आतिशबाजी होना तय माना जा रहा है।

एक चर्चा यह भी
इन दिनों कांग्रेस के अंदर यह चर्चा जोरों पर है कि युवा कांग्रेस के चुनाव में जीत दिलवाने और वोट दिलवाने के नाम पर खूब पैसे की वसूली हुई है। इस बात की जानकारी प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव में पराजित हुए एक प्रत्याशी ने अपने समर्थकों के साथ बड़े नेताओं को दे दी है।
– डा जितेन्द्र जाखेटिया

Share:

  • इंदौर : अनशन कर रहे किसानों को कलेक्टर ने जाकर पिलाया ज्यूस, सरकार ने मानी किसानों की मांग

    Mon Nov 17 , 2025
    इंदौर-बुधनी रेल लाइन को लेकर चल रहा किसानों का आंदोलन समाप्त अब जमीन की गाइडलाइन बढ़ाने और चार गुना मुआवजा देने पर भी सहमति इंदौर। इंदौर-बुधनी (Indore-Budhni) रेल लाइन (train line) को लेकर किए जाने वाले जमीन अधिग्रहण (Land acquisition) के विरोध में किसानों (farmers) द्वारा किया जा रहा आंदोलन कल समाप्त हो गया। देवास […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2025 Agnibaan , All Rights Reserved