
इंदौर। इंदौर नगर निगम परिषद के कार्यकाल के 3 वर्ष पूर्ण होने पर आज हर पार्षद द्वारा अपने वार्ड में कार्यक्रम का आयोजन कर अपने कार्यकाल की तीन उपलब्धि बताई जाएगी। इस कार्यक्रम से मुख्यमंत्री भी वर्चुअल रूप से जुड़ेंगे और संबोधित करेंगे। आज शाम 6 बजे से हर वार्ड में पार्षद द्वारा निश्चित किए गए स्थान पर कार्यक्रम का आयोजन होगा। भाजपा संगठन द्वारा पार्षद को निर्देश दिया गया है कि इस कार्यक्रम में वार्ड के कम से कम 1000 लोग उपस्थित होना चाहिए। शहर का मुख्य कार्यक्रम वार्ड क्रमांक 50 स्थित वल्र्ड कप चौराहे पर होगा। इस कार्यक्रम में 15 मिनट का समय पार्षद को अपने कार्यकाल का ब्यौरा देने के लिए दिया जाएगा।
भाजपा संगठन द्वारा हर वार्ड में कार्यक्रम के लिए एक अतिथि वक्ता निश्चित किया गया है। इस वक्ता द्वारा 10 मिनट का संबोधन दिया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम स्थल पर आयोजित हो रहे कार्यक्रम का सभी वार्डों में लाइव टेलीकास्ट होगा। नगर निगम द्वारा अपने 3 साल के काम पर बनाई गई 10 मिनट की फिल्म का भी प्रसारण होगा। भाजपा के नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा 5 मिनट का उद्बोधन देंगे। उसके बाद महापौर पुष्यमित्र भार्गव का 5 मिनट का उद्बोधन होगा और फिर मुख्यमंत्री द्वारा वर्चुअल रूप से 10 मिनट का उद्बोधन दिया जाएगा।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved