भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

कल कूनो पालपुर में आएंगे 12 और चीते

भोपाल। शनिवार 18 फरवरी को श्योपुर के कूनो पालपुर राष्ट्रीय अभयारण्य में और रौनक आने वाली है। दक्षिण अफ्रीका से यहां 12 और चीते पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र सिंह इन चीतों को बाड़ों में छोड़ेंगे। इसकी सारी तैयारी कूनो के अधिकारियों ने पूरी कर ली है। अब इंतजार है तो सिर्फ चीतों के आने का।
पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पिछले साल 17 सितंबर को नामीबिया से 8 चीते कूनो लाए गए थे। उन्हें पीएम मोदी ने बाड़ों में छोड़ा था। इस बार दक्षिण अफ्रीका से 12 चीते कूनो लाए जा रहे हैं। इन्हें शुक्रवार की शाम एयर फोर्स के विशेष विमान से दक्षिण अफ्रीका के ओआर टेंबो एयरपोर्ट से रवाना किया जाएगा। शनिवार सुबह 10 बजे चीतों को लेकर यह विमान ग्वालियर एयरपोर्ट पर पहुंचेगा। इसके बाद चीतों को वायु सेना के मालवाहक हेलिकॉप्टर में शिफ्ट किया जाएगा और 11 बजे ग्वालियर होते हुए कूनो लाया जाएगा। सीएम शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र सिंह चीतों को बाड़ों में छोड़ेंगे।


5 महीने में 20 चीते
पिछले साल 16 सितंबर तक देश में एक भी चीता नहीं था। 17 सितंबर को नामीबिया से 8 चीते लाने के बाद अब शनिवार को 12 और चीते आने से कूनो में इनकी संख्या बढ़कर 20 हो जाएगी। खुशी की बात यह है कि पिछले महीने भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चीते लाने का करार हुआ था। उसके बाद अब आगामी 8 से 10 वर्ष तक हर साल 12 चीते भारत लाए जाएंगे। दक्षिण अफ्रीका से 12 चीतों को कूनो लाए जाने के साथ अब जल्द ही उन 8 चीतों को बड़े बाड़े से खुले जंगल में छोडऩे की तैयारी भी की जा रही है जिन्हें नामीबिया से लाया गया था। इन्हें छोडऩे का निर्णय चीता टास्क फोर्स के अधिकारी लेंगे। उसके बाद पर्यटक भी चीतों को देख सकेंगे।

  • ये है शेड्यूल: शनिवार 18 फरवरी को सीएम शिवराज सिंह चौहान हेलिकॉप्टर से सुबह 11 बजे कूनो पहुंचेंगे, जबकि केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र सिंह यादव 1 दिन पहले ही शुक्रवार को कूनो पहुंच जाएंगे। कूनो में पिछली बार लाए गए 8 चीतों और पीएम सहित अन्य मेहमानों के लिए जो 8 हेलीपैड बनाए थे, उनकी गुणवत्ता का निरीक्षण लोक निर्माण विभाग के अधिकारी कर चुके हैं। अब रंगाई और पुताई का काम पूरा किया जा रहा है।

वन विभाग तैयार
इस बारे में कूनो डीएफओ प्रकाश वर्मा का कहना है मध्यप्रदेश के लिए खुशी की बात है कि चीता स्टेट का दर्जा मिला है। दक्षिण अफ्रीका से 12 चीते शनिवार को लाए जाएंगे। सीएम और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र सिंह आएंगे। हमारी तरफ से सारी तैयारी पूरी कर ली गई हैं। नामीबिया और दक्षिण अफ्रीका एक दूसरे से ज्यादा दूर नहीं हैं। इस वजह से दोनों जगह का वातावरण एक ही जैसा है। नामीबिया के आठ चीते यहां अच्छी तरह से रह रहे हैं। निश्चित तौर पर दक्षिण अफ्रीका के चीते भी बेहतर तरीके से कूनो के वातावरण में घुल मिल जाएंगे।

Share:

Next Post

सीएम शिवराज आज ग्वालियर दौरे पर

Fri Feb 17 , 2023
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह शुक्रवार को ग्वालियर दौरे पर रहेंगे। यहां वे ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र को करोड़ों की सौगात देंगे। सीएम 185 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों की आधारशिला रखेंगे। सीएम शिवराज सिंह के साथ क्षेत्रीय विधायक और प्रदेश सरकार में उद्यानिकी मंत्री भारत सिंह कुशवाह भी मौजूद रहेंगे। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया […]