भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

कल मुख्यमंत्री सम्मान निधि के 400 करोड़ करेंगे ट्रांसफर

  • मप्र के 20 लाख किसानों को मिलेगी सौगात
  • पिछले माह 35.50 लाख किसानों को दिए थे 1600 करोड़

भोपाल। प्रदेश के लगभग 20 लाख किसानों के खातों में किसान सम्मान निधि के 400 करोड़ रुपए शनिवार को ट्रांसफर किए जाएगे। इसके लिए सागर में कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान यहां नगरीय विकास से जुड़े कामों की समीक्षा करने के साथ लोकार्पण भी करेंगे। इससे पहले सोयाबीन की फसल नुकसान के 1600 करोड़ रुपए 18 दिसंबर को 35 लाख 50 हजार किसानों के खाते में डाले गए थे। मंत्रालय सूत्रों ने बताया कि प्रदेश में अभी तक साढ़े 17 लाख किसानों के खातों में किसान सम्मान निधि की राशि जमा कराई जा चुकी है। शिवराज सरकार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की तर्ज पर सितंबर 2020 में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की शुरुआत की है। इसके तहत किसानों के खातों में दो किस्तों में चार हजार रुपए डाले जा रहे हैं। केंद्र सरकार छह हजार रुपए तीन किस्तों में दे रही है। इस योजना में लगभग 75 लाख किसान चिन्हित हैं। राजस्व विभाग के अफसरों का कहना है कि मार्च 2021 तक सभी पात्र किसानों को राज्य सरकार की योजना के तहत पहली किस्त दी जाएगी। इसके लिए पहले छोटे किसानों का चयन किया गया है। इसके बाद मध्यम श्रेणी के किसानों को लाभांवित किया जाएगा। दोनों योजनाओं को मिलाकर किसानों को साल भर में 10 हजार रुपए मिलेंगे।

सितंबर 2020 में 4500 करोड़ किसानों को मिले थे
किसान सम्मान निधि की शुरुआत 6 सितंबर 2020 को की गई थी। इस दौरान सरकार ने 19 लाख किसानों के खाते में 4500 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए थे। जबकि 3 दिसंबर को सम्मान निधि के 100 करोड़ रुपए 5 लाख किसानों के खाते में डाले गए थे।

Share:

Next Post

भाजपा करेगी संभाग स्तर पर प्रत्याशी चयन

Fri Jan 29 , 2021
नगर निगम, नगर पालिका और नगर परिषद के लिए बनेगी अलग-अलग रणनीति भोपाल। मध्यप्रदेश में मार्च-अप्रैल में प्रस्तावित नगरीय निकाय चुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी चयन संभाग स्तर पर करेगी। संभाग से नाम प्रदेश संगठन के पास आएंगे और यहां इन्हें विचार करके अंतिम रूप दिया जाएगा। यह निर्णय प्रदेश भाजपा की नगरीय निकाय चुनाव […]