
इंदौर। यातायात पुलिस (Traffic police) लोगों को यातायात के नियमों का पालन करने के साथ ही अब स्वस्थ रहना भी सिखाने वाली है। इसकी शुरुआत आज से हो गई है। आज सुबह 6 बजे यातायात के अमले ने जुम्बा एक्टिविटी (zumba activity) के साथ लोगों को सुरक्षित रहने और यातायात के नियमों का पालन करने का संदेश दिया, तो ट्रैफिक हैंड साइन से भी फिट रहने के गुर बताए गए।
यातायात प्रबंधन पुलिस के कार्यक्रम ‘स्वस्थ रहो, मस्त रहो और हां, सुरक्षित भी’ में आज सुबह रनिंग, योगा, साइकिलिंग के साथ ही अन्य खेल और जुम्बा एक्टिविटी में लोग शामिल हुए। बच्चों के साथ महिलाओं ने भी इसमें भागीदारी की। यातायात पुलिस की इस एक्टिविटी को देख आसपास की कॉलोनी से भी लोग इसमें शामिल हुए। द फिटनेस वल्र्ड की जुम्बा टीम की एक्टिविटी के बाद यातायात आरक्षक सुमंत सिंह कछवाह ने ट्रैफिक के हैंड साइन से लोगों को व्यायाम करवाया। ट्रैफिक की हैंड साइन एक्टिविटी में बच्चों ने ज्यादा भाग लिया। एक से डेढ़ घंटे के इस इवेंट में सडक़ नियमों के पालन पर लोगों से सवाल भी पूछे गए। हर रविवार को अलसुबह यातायात पुलिस शहर के अलग-अलग चौराहों पर इस इवेंट का आयोजन करेगी। इवेंट में यातायात प्रबंधन मित्र की टीम के साथ ही अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अनिल कुमार पाटीदार, सहायक पुलिस उपायुक्त अजित सिंह चौहान, सहायक पुलिस उपायुक्त बसंत कुमार कौल, सहायक पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार उपाध्याय और सहायक पुलिस उपायुक्त हरिसिंह रघुवंशी भी शामिल हुए।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved