
डेस्क: साउथ स्टार सूर्या और तृषा कृष्णन की फिल्म ‘करुप्पु’ आज यानी 14 मई को सिनेमाघरों में रिलीज़ हो गई है. पर रिलीज़ से चंद घंटे पहले ‘करुप्पु’ के मेकर्स को बड़ा झटका लगा. फिल्म का शो सुबह 9 बजे भी चलने वाला था, लेकिन ऐन रिलीज़ से पहले प्रोड्यूसर ने शो कैंसल होने की जानकारी दी. फिल्म के प्रोड्यूसर एसआर प्रभु ने शो कैंसल होने की बात कंफर्म करते हुए सोशल मीडिया पर सभी से माफी मांगी. 9 बजे के शो के लिए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और एक्टर थलपति विजय ने खास मंजूरी दी थी. इसके लिए मेकर्स ने सीएम विजय का आभार भी जताया था.
फिल्म का 9 बजे का शो क्यों कैंसल किया गया, इस बारे में अभी साफ साफ कुछ पता नहीं चल पाया है. प्रोड्यूसर ने कहा है कि कुछ ऐसी स्थिती बन गई थी, जिसे टाला नहीं जा सकता था. इसलिए फिल्म का 9 बजे का शो कैंसल करना पड़ा. वहीं फिल्म के डायरेक्टर आरजे बालाजी ने एक्स पर एक पोस्ट लिखा और कहा है कि मामला जल्दी ही सुलझा लिया जाएगा. उन्होने लिखा, “डियर फैंस. मेरे पास अभी इस स्थिती को लेकर कोई सीधा जवाब नहीं है. प्रोड्यूसर्स इस मुश्किल को हल करने में लगे हुए हैं. इस फिल्म के सामने हमेशा रुकावटें आई हैं, लेकिन किसी न किसी तरह ईश्वर हमारी नैया पार लगाई और 32 महीने के बाद हम यहां पर हैं. इस बार भी मुझे उन पर पूरा भरोसा है.”
कुछ रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि आर्थिक दिक्कतों के चलते सूर्या और तृषा कृष्णन की ‘करुप्पु’ का पहले दिन का सुबह 9 बजे का शो नहीं चल पाया. हालांकि इस दावे पर मेकर्स की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved