वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क (Elon Musk) की तारीफ करते हुए उन्हें आधुनिक युग का थॉमस एडिसन (Thomas Edison) बताया और नेशनल मेडल ऑफ साइंस से सम्मानित किया। ट्रंप ने मस्क को दिग्गज, जीनियस और राष्ट्रीय धरोहर बताते हुए विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।
मस्क को सम्मानित करते हुए ट्रंप ने कहा, “वह एक दिग्गज हैं। वह एक जीनियस हैं। उनके जैसा कोई नहीं है।” उन्होंने मस्क की तुलना अमेरिकी आविष्कारक थॉमस एडिसन से की। एडिसन को बिजली के बल्ब सहित कई महत्वपूर्ण आविष्कारों और उनके विकास में योगदान के लिए जाना जाता है।
वाशिंगटन डीसी स्थित यूएस इंस्टीट्यूट ऑफ पीस में गुरुवार को आयोजित ‘ए न्यू गोल्डन एज’ समिट के दौरान यह सम्मान समारोह हुआ। इस अवसर पर ट्रंप ने स्पेस टेक्नोलॉजी, सैटेलाइट कम्युनिकेशन और अन्य तकनीकी क्षेत्रों में मस्क के योगदान की प्रशंसा की। स्पेसएक्स और स्टारलिंक के विकास में उनकी भूमिका का भी उल्लेख किया गया।
ट्रंप प्रशासन ने यूएस इंस्टीट्यूट ऑफ पीस का नाम बदलकर ‘डोनाल्ड जे. ट्रंप इंस्टीट्यूट ऑफ पीस’ कर दिया है।
समारोह में मस्क के अलावा तकनीकी क्षेत्र की कई अन्य प्रमुख हस्तियों को भी सम्मानित किया गया। गूगल के सह-संस्थापक सर्गेई ब्रिन, एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग और एडवांस्ड माइक्रो डिवाइसेज (एएमडी) की सीईओ लिसा सु को नेशनल मेडल ऑफ साइंस प्रदान किया गया।
वहीं, माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला और डेल टेक्नोलॉजीज के सीईओ माइकल डेल को नेशनल मेडल ऑफ टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन से सम्मानित किया गया।
ट्रंप ने इन छह तकनीकी नेताओं को राष्ट्रीय धरोहर बताते हुए कहा कि यह समारोह अमेरिकी विज्ञान और प्रौद्योगिकी के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि विज्ञान और तकनीक की दुनिया के लिए यह बड़ा दिन है और सम्मानित होने वाली हस्तियां इतिहास के पन्नों में दर्ज होंगी।
ट्रंप लगातार इस बात पर जोर देते रहे हैं कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के विकास में अमेरिका को अपनी अग्रणी स्थिति बनाए रखनी चाहिए। उनका रुख ऐसे नियमों के प्रति विरोध का रहा है, जिनके बारे में उनका मानना है कि वे तकनीकी विकास और नवाचार की गति को धीमा कर सकते हैं।
यह सम्मान समारोह विज्ञान, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी और डिजिटल संचार जैसे क्षेत्रों में अमेरिकी नेतृत्व को बढ़ावा देने की ट्रंप प्रशासन की प्राथमिकताओं के बीच आयोजित हुआ।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved