
टिहरी गढ़वाल । उत्तराखंड (Uttarakhand) में टिहरी जिला मुख्यालय (Tehri Garhwal) से सटे बुदोगी गांव के पास के जंगलों (Forest) में भीषण आग (Fire) लग गई है जिसकी ऊंची-ऊंची लपटें दूर-दूर से दिखाई दे रही हैं। इस बारे में जानकारी देते हुए शनिवार को एक अधिकारी ने बताया कि जंगल में यह भीषण आग शाम को लगी, जिसके बाद वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।
मामले की जानकारी देते हुए टिहरी के डिविजनल फॉरेस्ट ऑफ़िसर (DFO) पुनीत तोमर ने बताया कि, ‘आग शाम को लगी थी। हमारी टीम यहां बहुत तेजी से पहुंची, और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। हालांकि अबतक आग पर काबू नहीं पाया जा सका है और आग को बुझाने की कोशिशें जारी हैं, और जल्द ही उस पर पूरी तरह काबू पा लिया जाएगा।’
आगे उन्होंने बताया कि अच्छी बात यह है कि आग ने अपना रुख नीचे की तरफ कर लिया है, जहां कोई मानवीय आबादी नहीं रहती है। ऐसे में अब से अगले एक से डेढ़ घंटे के भीतर इस आग को पूरी तरह शांत कर दिया जाएगा।’ अधिकारी ने आगे बताया कि ‘कुल मिलाकर, हमारे जंगल का लगभग चौदह हेक्टेयर इलाका इस आग की वजह से प्रभावित हुआ है।’
उन्होंने बताया कि गनीमत यह रही कि समय रहते टीम के पहुंचने से आग को रिहायशी इलाकों में फैलने से रोक दिया गया, जिससे किसी भी तरह की जनहानि की खबर नहीं है। साथ ही वन विभाग ने पहाड़ी इलाकों में लगी आग की इस घटना के कारणों की जांच करने की बात कही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved