खेल

विराट कोहली ने हासिल की खास उपलब्धि, तोड़ दिया सचिन तेंदुलकर का ये बड़ा रिकॉर्ड

नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका (India and Sri Lanka) के बीच मुंबई के वानखेड़े (Wankhede of Mumbai) में खेले जा रहे मुकाबले में विराट कोहली (Virat Kohli) ने खास उपलब्धि हासिल की। उन्होंने वनडे में आठवीं बार एक कैलेंडर ईयर में 1000 रन पूरे किए। इस मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) को पीछे छोड़ दिया। सचिन ने वनडे में सात बार एक कैलेंडर ईयर में हजार रन पूरे किए थे। वहीं, कोहली आठ बार के साथ सचिन से आगे निकल गए हैं। विराट ने मैच में वनडे करियर का 70वां अर्धशतक भी लगाया। विराट कोहली को दिलशान मदुशंका ने निसांका के हाथों कैच कराया। वह 94 गेंद में 11 चौके की मदद से 88 रन बनाकर आउट हुए।

सचिन ने 1994, 1996, 1997, 1998, 2000, 2003 और 2007 में वनडे में हजार रन से ज्यादा बनाए थे। वहीं, कोहली ने 2011, 2012, 2014, 2017, 2018, 2019 और अब 2023 में वनडे में हजार रन से ज्यादा बनाए हैं। इस साल कोहली ने अब तक 23 वनडे मैचों में 20 पारियां खेली हैं और 1054 रन बना लिए हैं। इनमें चार शतक और छह अर्धशतक शामिल हैं। नाबाद 166 रन उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी रही है। संगकारा छह बार हजार रन के साथ इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं।


कोहली ने 50 गेंद में अर्धशतक जड़ा। यह उनके वनडे करियर का 70वां अर्धशतक रहा। वहीं, इस विश्व कप में उनका यह पांचवां 50+ का स्कोर रहा। इस पारी से पहले तक उन्होंने तीन अर्धशतक और एक शतक लगाए हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विराट ने 85, अफगानिस्तान के खिलाफ नाबाद 55, बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 103, न्यूजीलैंड के खिलाफ 95 रन की पारी खेली थी। विराट का यह चौथा वनडे विश्व कप है और वह 13 बार 50+ का स्कोर कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 33* पारी खेली हैं। श्रीलंका के खिलाफ 33वीं पारी है। विराट ने विश्व कप में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर के मामले में श्रीलंका के कुमार संगकारा और रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया।

वहीं, शुभमन गिल ने भी श्रीलंका के खिलाफ 55 गेंद में अर्धशतक जड़ा। यह उनके वनडे करियर का 11वां अर्धशतक रहा। इस कैलेंडर ईयर में यह उनका वनडे में 12वां 50+ का स्कोर रहा, जो कि सबसे ज्यादा है। इनमें पांच शतक (एक दोहरा शतक) और सात अर्धशतक शामिल हैं। इस मामले में वह श्रीलंका के पथुम निसांका और पाकिस्तान के बाबर आजम से आगे निकल गए। शुभमन के 12 50+ के स्कोर में 70, 116, 208, 112, 85, 67*, 58, 121, 74, 104, 53 और 92 रन (इस मैच में) की पारी शामिल है। शुभमन गिल 92 गेंद में 92 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान उन्होंने 11 चौके और दो छक्के लगाए।

Share:

Next Post

IND vs SL Live Score: शमी को चौथी सफलता, बैकफुट पर आया श्रीलंका, गिरे 8 विकेट

Thu Nov 2 , 2023
मुंबई: भारत ने श्रीलंका (India Sri Lanka Match Live) को जीत के लिए 358 रनों का लक्ष्य दिया. भारत की ओर से शुभमन गिल (Shubhman Gill) ने सबसे ज्यादा 92 और विराट कोहली (Virat Kohli) ने 88 रन बनाए. श्रेयस के बल्ले से भी 82 रन निकले. श्रीलंकाई गेंदबाज दिलशान मदुशंका (Sri Lankan bowler Dilshan […]