खेल

Virat Kohli ने 2019 के बाद पहली बार हासिल की यह उपलब्धि, अब निशाने पर बड़ा रिकॉर्ड

सिडनी। भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली इन दिनों शानदार फॉर्म में हैं। एशिया कप से उन्होंने अपनी पुरानी लय हासिल कर ली है। कोहली टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद 82 रन की पारी खेलने के बाद नीदरलैंड के खिलाफ नाबाद 62 रन बनाए। वह इस टूर्नामेंट में अब तक आउट नहीं हुए हैं। कोहली ने इसी बीच एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। उनके इस साल 1000 रन पूरे हो गए हैं।

विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव
कोहली ने 2019 के बाद एक साल में एक हजार रन का आंकड़ा पार किया है। 2020 और 2021 में उनका बल्ला नहीं चला था। इस कारण उनकी आलोचना भी हुई थी। कई क्रिकेट एक्सपर्ट तो उन्हें टीम से बाहर करने की मांग भी कर रहे थे, लेकिन कोहली ने सभी आलोचकों का मुंह बंद कर दिया है। विराट के इस साल 28 मैचों की 31 पारियों में 1024 रन हो गए हैं। इस दौरान उनका औसत 39.38 का रहा है। उन्होंने एक शतक और नौ अर्धशतक लगाया था। अफगानिस्तान के खिलाफ एशिया कप में नाबाद 122 रन की पारी उनका उच्चतम स्कोर है।

2020 और 2021 में कैसा था प्रदर्शन?
कोहली ने 2020 में 22 मैचों की 24 पारियों में 36.60 की औसत से 842 रन बनाए थे। इस दौरान सात अर्धशतक लगाए थे। उनका उच्चतम स्कोर 89 रन था। वहीं, 2021 में उन्होंने 24 मैचों की 30 पारियों में 964 रन बनाए थे। विराट का औसत इस दौरान 37.07 रहा था। उन्होंने नौ अर्धशतक लगाए थे। तब उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 80 रन था।


जुलाई में लिया था ब्रेक
कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ जुलाई में हुई सीरीज के बाद ब्रेक लिया था। वह तरोताजा होकर एशिया कप में लौटे। उन्होंने इस टूर्नामेंट के दौरान अपना 71वां अंतरराष्ट्रीय शतक लगाया था। विराट एक हजार से ज्यादा दिनों के बाद शतक लगाने में कामयाब हुए थे। उन्होंने एशिया कप की पांच पारियों में 92 की औसत से 276 रन बनाए थे। इस दौरान एक शतक और दो अर्धशतक लगाए थे। एशिया कप के बाद ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज में दो अर्धशतक जड़े थे।

टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए बनाए हैं सबसे ज्यादा
मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में कोहली भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने दो मैचों में 144 रन बनाए थे। दोनों मुकाबलों में विराट ने अर्धशतक लगाया है। वह टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में चौथे स्थान पर हैं। उनसे ज्यादा रन श्रीलंका के कुसल मेंडिस (176 रन), नीदरलैंड के मैक्स ओडाड (153 रन) और जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा (145 रन) ने बनाए हैं।

निशाने पर महेला जयवर्धने का बड़ा रिकॉर्ड
टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन श्रीलंका के महेला जयवर्धने के नाम है। विराट उनका रिकॉर्ड इस बार तोड़ सकते हैं। जयवर्धने ने टूर्नामेंट में 31 मैचों में 39.07 की औसत और 134.74 के स्ट्राइक रेट से 1016 रन बनाए थे। वहीं, कोहली ने 23 मैचों में 89.90 की औसत और 132.04 के स्ट्राइक रेट से 989 रन बनाए हैं। कोहली अब जयवर्धने से 27 रन पीछे हैं।

Share:

Next Post

गुजरात में बनेगा एयरबस C-295 विमान; 22,000 करोड़ का है प्रोजेक्ट, जानें डिटेल

Fri Oct 28 , 2022
नई दिल्ली: आत्मनिर्भर भारत अभियान को बढ़ावा देने के लिए भारतीय वायुसेना का C-295 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट अब भारत में ही बनेगा और इस काम के लिए यूरोप की एयरबस कंपनी और भारत की टाटा ने हाथ मिलाया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रविवार को गुजरात के वडोदरा में उस प्लांट का उद्घाटन करेंगे जहां ये एयरक्राफ्ट […]