
नई दिल्ली: ईरान और अमेरिका (Iran and the United States) के बीच युद्ध रोकने को लेकर बातचीत शुरू हो गई है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (US President Donald Trump) ने यह दावा किया है. ट्रंप के मुताबिक, पिछले 2 दिन में ईरान और अमेरिका के अधिकारियों ने पीस डील को लेकर बातचीत की है. ट्रंप का कहना है कि इसी वजह से अगले 5 दिन तक वाशिंगटन ईरान के किसी भी ऊर्जा ठिकानों पर हमला नहीं करेगा. ट्रूथ पर ट्रंप ने लिखा. ‘पिछले 2 दिनों में काफी रचनात्मक बातचीत हुई है. हम उम्मीद करते हैं कि इस सप्ताह के अंत तक समझौता हो जाएगा. तब तक हम ईरान के पावर प्लांट्स और एनर्जी इन्फ्रास्ट्रक्चर पर कोई हमला नहीं करेंगे.’
ट्रंप ने अमेरिकी रक्षा विभाग को निर्देश दिया है कि फिलहाल ईरान के पावर प्लांट्स और ऊर्जा ढांचे पर कोई हमला न किया जाए. हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि यह फैसला बातचीत के नतीजों पर निर्भर करेगा. अगर बातचीत सफल नहीं होती है, तो आगे फिर से सैन्य कार्रवाई हो सकती है. इस पर ईरान की सरकारी मीडिया ने कहा कि ट्रंप फिर पीछे हट गए.
ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि ट्रम्प के साथ कोई बातचीत नहीं हुई है. ट्रम्प ईरान की चेतावनी के बाद पीछे हट गए हैं. ईरान ने धमकी दी थी कि अगर उसके पावर प्लांट पर हमला हुआ तो वह जवाबी कार्रवाई करेगा.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved