
इंदौर। हवाओं का रुख बदलते ही मौसम के मिजाज में बदलाव आया है। आसमान में बादल साफ हो गए हैं। अब गर्म हवाएं पसीना-पसीना कर रही हैं। रात के समय आगे और बेचैनी लाएंगी। गुजरात और राजस्थान की ओर से पश्चिम-उत्तरी हवाएं मालवा-निमाड़ को भरपूर गर्मी का एहसास करा रही हैं। आने वाले दिनों में सूरज की गर्मी और ज्यादा बढ़ेगी।
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो इस सप्ताह के मध्य पारा 40 डिग्री के करीब पहुंचने को बेताब रहेगा। कल से मौसम बदलते ही दिन के तापमान में 2 डिग्री का उछाल आया है। अब दिन का पारा 37.5 डिग्री पहुंच गया है। सबसे ज्यादा दिक्कत रात के समय महसूस हो रही है। दो सप्ताह से सामान्य से ज्यादा चल रहा रात का पारा अभी भी 21 डिग्री करीब बताया जा रहा है, जो सामान्य से 2.5 डिग्री ज्यादा है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो 28, 29 और 30 माच को रतलाम, शाजापुर, नर्मदानगर, खंडवा और निमाड़ क्षेत्र में गर्म हवाओं का असर साफ देखा जाएगा। कुल मिलाकर आने वाले दिनों में सुबह ही गर्मी का भरपूर एहसास होगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved