
भोपाल। मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) में गर्मी के बीच मौसम (Weather) ने अचानक करवट ले ली है। तेज सिस्टम के एक्टिव (Fast System Active) होने से अगले तीन दिन प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर देखने को मिल सकता है। प्रदेश में दो ट्रफ लाइनों और एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से यह बदलाव आया है, जिसका असर करीब 72 घंटे तक रहने का अनुमान है।
कई जिलों में असर, तेज हवाओं का अलर्ट
बुधवार को कई जिलों में बादल छाए रहे, कहीं हल्की बारिश हुई तो कहीं तेज हवा चली। बालाघाट में करीब एक इंच बारिश दर्ज की गई। अब गुरुवार को भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत 30 से ज्यादा जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि सिवनी, मंडला और बालाघाट में ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
19-20 मार्च को सबसे ज्यादा असर
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 19 और 20 मार्च को इसका असर सबसे ज्यादा रहेगा और यह सिस्टम धीरे-धीरे पूरे प्रदेश को कवर करेगा। 22 मार्च के बाद मौसम साफ होने के संकेत हैं। बदलते मौसम के कारण कई शहरों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
मार्च में पहली बार ओलों की एंट्री
इस बार मार्च में पहली बार ओलावृष्टि होने जा रही है। खासतौर पर सिवनी, मंडला और बालाघाट जिलों में दो दिन तक ओले गिर सकते हैं, जबकि अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर रहेगा। फरवरी में भी मौसम ने चार बार करवट ली थी। कई इलाकों में ओले और बारिश से फसलों को नुकसान हुआ था, जिसके बाद सरकार को सर्वे कराना पड़ा था। अब मार्च में फिर से वैसा ही पैटर्न देखने को मिल रहा है।
15 से 20 दिन तक लू चलने का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, मार्च के आखिरी हफ्ते से गर्मी फिर जोर पकड़ सकती है। अप्रैल-मई में 15 से 20 दिन तक लू चलने का अनुमान है। फिलहाल प्रदेश में “तीनों मौसम” का असर देखने को मिल रहा है—दिन में गर्मी, रात में हल्की ठंड और बीच-बीच में बारिश। कुछ दिन पहले नर्मदापुरम में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया था। आने वाले दिनों में भोपाल, इंदौर और उज्जैन जैसे शहरों में भी दिन का तापमान 40 डिग्री के आसपास जा सकता है, जबकि रातें अपेक्षाकृत ठंडी रहेंगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved