देश

पश्चिम बंगाल: दो आदिवासी बहनों के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला, दोनों ने खाया जहर

पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में दो आदिवासी बहनों के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस बात की जानकारी दी है। पुलिस ने बताया कि दोनों बहनों में से एक लड़की ने आत्महत्या कर ली है और दूसरी लड़की अस्पताल में जिंदगी के लिए लड़ रही है।

इन दोनों लड़कियों की उम्र 14 और 16 साल है। परिवार ने बताया कि दोनों लड़कियां चार सितंबर को कुछ स्थानीय युवाओं के साथ बाहर गई थीं। लड़कियों के भाई ने बताया कि हमें लगा कि वो दोनों ऐसे ही बाहर गई हैं, हालांकि दो दिनों तक लापता रहने के बाद वो छह सितंबर को वापस लौटीं।
दोनों बहनें अस्वस्थ महसूस कर रही थीं, इसलिए उन दोनों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। जिसके बाद उन्हें उत्तरी बंगाल मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में रेफर कर दिया गया। भाई ने बताया कि अस्पताल में मेरी बहन ने बताया कि उन दोनों के साथ पांच लड़कों ने सामूहिक दुष्कर्म किया है और किसी तरह वो वहां से भाग निकलीं और घर पहुंचीं।

भाई ने बताया कि इसके बाद हमें पता चला कि घर लौटने के बाद दोनों ने जहर खा लिया है, जिसके बाद उनका स्वास्थ्य खराब हो गया। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार रात को बड़ी बहन की मौत हो गई और छोटी बहन की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में उन्होंने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य दो के लिए तलाश जारी है।

मंगलवार सुबह गांव में जैसे ही बड़ी बहन का शव पहुंचा तो स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। बता दें कि पिछले महीने एक 16 साल की लड़की के साथ भी उसी इलाके में सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया था। अधिकारियों के मुताबिक उस लड़की का शव एक घर के सेपटिक टैंक में मिला था।

स्थानीय लोगों ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि पुलिस ने अभी तक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है, हालांकि जिला पुलिस अधिकारियों ने इन आरोपों को खारिज किया है। तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय विधायक खागेश्वर राय ने लड़की के पिता से मुलाकात की और कहा कि सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म और आत्महत्या के लिए उकसाना जैसे मामले दर्ज कर लिए हैं।

Share:

Next Post

अर्नब गोस्वामी के विरुद्ध महाराष्ट्र विधानसभा करेगी कार्रवाई, जाने क्यों

Tue Sep 8 , 2020
मुंबई| रिपब्लिक टीवी के संपादक अर्नब गोस्वामी के ख़िलाफ़ महाराष्ट्र विधानसभा में विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव दाख़िल किया गया है. शिवसेना के विधायक प्रताप सरनाइक ने अर्नब गोस्वामी के ख़िलाफ़ ये प्रस्ताव रखा. ये प्रस्ताव रखने के बाद विधानसभा में हंगामा हुआ और आधे घंटे के लिए काम रोक दिया गया. विधानसभा ने यह प्रस्ताव […]