
इंदौर। कल स्नेह नगर पानी की टंकी पर भाजपा के ही पार्षदों ने अपने क्षेत्र में जलसंकट की समस्या नहीं सुनने वाले अधिकारियों के खिलाफ धरना दिया था। पार्षद अर्धनग्न होकर टंकी के सामने ही बैठ गए थे और नर्मदा विभाग के अधिकारियों को बुलाने की मांग कर रहे थे। स्नेह नगर पानी की टंकी से मुख्य रूप से वार्ड क्रमांक 63 और 65 में जल वितरण किया जाता है, लेकिन पिछले कई दिनों से टंकी को पूर्ण रूप से नहीं भरा जा रहा था। इसकी शिकायत पार्षद कमलेश कालरा ने नर्मदा के अधिकारियों से की थी, लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया। इसी से नाराज होकर कल पार्षद धरने पर बैठ गए थे।
बाद में अधिकारियों को पता चला तो स्थानीय अधिकारियों ने उनका धरना समाप्त करवाया और पर्याप्त पानी देने का आश्वासन दिया। आज स्नेह नगर की पानी की टंकी को साढ़े तीन मीटर भरा गया है, जबकि रोज यह 2 मीटर तक भरी जा रही थी। इससे वार्ड क्रमांक 65 के जानकी नगर और अग्रवाल नगर तक वाटर सप्लाय होता है। यहां जल वितरण का समय भी बदल दिया गया है। अब सुबह 7 बजे की बजाय 9 से 10 बजे तक जल वितरण होगा। पार्षद ने पूरी क्षमता से वॉल्व खोलने के लिए कहा था, लेकिन उसके खोलने से दूसरी कालोनियों में पानी नहीं जाएगा, इसलिए अधिकारियों ने 15 राउंड खोलने के लिए कहा है। इस मामले में पार्षद ने एक निगम कर्मचारी मुन्ना यादव के खिलाफ भी शिकायत की थी, जिसे कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। बताया जाता है कि वह वॉल्व खोलने में गड़बड़ी करता था।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved