गोमती। त्रिपुरा के गोमती जिले (Tripura, Gomati district) में भीड़ ने एक महिला को ना सिर्फ पीटा (Beat up Woman) , बल्कि उसके साथ बेहद अमानवीय व्यवहार (Inhumane Treatment) भी किया। पड़ोस की महिलाओं ने उसका सिर नाले में डुबोया। फिर उसके बाल भी काट दिए। इस दौरान महिला चीखती रही लेकिन किसी ने उसकी गुहार नहीं सुनी। लेकिन इन सब की वजह क्या थी? भीड़ ने महिला को इतनी बेरहमी से इसीलिए मारा क्योंकि महिला का अपनी सास से झगड़ा हो गया था।
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मामला गोमती के उदयपुर इलाके का है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहा है। इस वीडियो में महिला के हाथ पीछे बंधे हुए और सिर नाले में डूबा हुआ दिखाई दे रहा है। वहीं महिला के बाल को काटते वक्त उसकी चीखें भी सुनाई दे रही हैं। आस-पास के लोग घटना को कैमरे पर रिकॉर्ड करते नजर आ रहे हैं।
इलाके की महिलाओं ने किया हमला
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसके और उसकी सास के बीच अक्सर अनबन हो जाया करती थी। इसीलिए लोगों ने उस पर यह हमला किया। उसने इलाके की कई महिलाओं पर इस हमले में शामिल होने का आरोप लगाया और न्याय की मांग की है। उसने बताया कि पड़ोसियों ने उसके हाथ बिजली के खंभे से बांध दिए, उसका चेहरा काला कर दिया और उसके गले में जूतों की माला डाल दी।
मामला सामने आने पर तीन आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिला पुलिस प्रमुख ने बताया है कि महिलाओं के खिलाफ बंधक बनाने, जानबूझकर चोट पहुंचाने, महिला पर हमला करने और आपराधिक धमकी से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि तीन महिलाओं, मंजू रानी दास, पुतुल रानी दास, और हमीदा बानो को गिरफ्तार कर लिया गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved