
हापुड़. उत्तर प्रदेश (UP) के हापुड़ (Hapur) में एक महिला (Woman) ने अपने परिजनों के साथ पहुंचकर अपने पति (husband) को उसकी कथित प्रेमिका (lover) के साथ रंगेहाथ पकड़ लिया. बागपत निवासी पीड़िता को अपने पति पर शक था, इसलिए उसने देवर संग मिलकर पति की गाड़ी में जीपीएस सिस्टम लगाया और उसे ट्रैक करते हुए होटल तक पहुंच गई. महिला ने होटल के अंदर, सड़क पर और बाद में एसडीएम कोर्ट में जमानत मिलने पर भी पति की जमकर धुनाई की. पुलिस ने दोनों पक्षों को पकड़कर शांतिभंग में कार्रवाई की.
जीपीएस से बिछाया जाल, रंगेहाथ पकड़ा
मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के मोदीनगर रोड स्थित बांके बिहारी होटल का है, जहां रविवार ने महिला ने अपने पति को कथित प्रेमिका के साथ पकड़ा था. दरअसल, बागपत जिले के एक गांव की रहने वाली महिला को अपने पति पर किसी दूसरी महिला के साथ संबंध होने का शक था. महिला ने यह बात अपने देवर और परिजनों को बताई. पति पर नजर रखने के लिए उसकी गाड़ी में जीपीएस सिस्टम लगा दिया गया. रविवार को जब पति घर से बाहर जाने की बात कहकर निकला, तो पत्नी और परिजनों ने जीपीएस ट्रैक करते हुए उसका पीछा किया. वे हापुड़ के मोदीनगर रोड स्थित बांके बिहारी होटल पहुंचे, जहां पति और उसकी कथित प्रेमिका मौजूद थे.
सड़क से लेकर कोर्ट तक हाईवोल्टेज ड्रामा
होटल में दोनों को साथ देखकर गुस्साई पत्नी और परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया और पति की जमकर पिटाई की. विवाद होटल परिसर से निकलकर सड़क और बस तक चलता रहा, जिसे देखने के लिए भारी भीड़ जुट गई. हंगामा बढ़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को नगर कोतवाली ले गई, जहां शांतिभंग में कार्रवाई की गई. इसके बाद जब पति एसडीएम कोर्ट से जमानत पर छूटा, तो पत्नी ने कोर्ट परिसर में भी उसकी दोबारा जमकर धुनाई कर दी.
सरकारी अस्पताल की नर्स है महिला
पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि उसके पति के साथ पकड़ी गई महिला बुलंदशहर जिले के एक सरकारी अस्पताल में नर्स है. स्थानीय लोग भी यही दावा कर रहे हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. हापुड़ नगर कोतवाली पुलिस ने बताया कि पति-पत्नी के विवाद का मामला संज्ञान में आया है. पुलिस ने शांतिभंग में कार्रवाई की है और अब तहरीर के आधार पर आगे की जांच और कार्रवाई की जा रही है. वहीं, इस पूरे हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved