
इंदौर (Indore)। आज सुबह नगर निगम की रिमूवल टीम ने सीतलामाता बाजार में खतरनाक मकान पूरी तरह ढहा दिया। कई दिनों से लगातार झांकी मार्गों पर खतरनाक मकान तोडऩे की कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा झांकी मार्गों से खतरनाक पेड़ों के हिस्से छांटे जा रहे हैं, ताकि कोई दुर्घटना न हो।
कल कलेक्टर आशीष सिंह, महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने अधिकारियों के साथ पूरे झांकी मार्ग का दौरा किया था और खतरनाक मकानों को हटाने की कार्रवाई जल्द पूरी करने को कहा था, जिसके चलते आज सुबह नगर निगम के अमले ने सीतलामाता बाजार में प्रेमलता नीमा के खतरनाक मकान को ढहाने की कार्रवाई की। मकान मुख्य झांकी मार्ग पर था, जिसके चलते मकान का हिस्सा ढहने से जनहानि की आशंका बनी हुई थी। उक्त सडक़ पर तीन से चार मकान हैं, जिन्हें आज या कल तोडऩे की कार्रवाई की जा सकती है। वहीं दूसरी ओर नगर निगम उद्यान विभाग की टीमों ने झांकी मार्ग के खतरनाक पेड़ों की छंटाई का काम शुरू कर दिया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved