
इंदौर। भागीरथपुरा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एमआर4 पर आज सुबह छत्तीसगढ़ के एक युवक की रक्तरंजित लाश मिलने से सनसनी फैल गई। फोटो स्टूडियो पर काम करने वाले शख्स का चाकू से गला रेतकर हत्या की गई है, जबकि पेट में भी चाकू से घातक वार किए गए। पुलिस को हत्याकांड में दोस्तों पर शंका है।
मिली जानकारी के अनुसार आज 6 बजे के करीब एमआर4 पर मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों ने देखा कि सडक़ किनारे लगे एक बरगद के पेड़ के पीछे किसी युवक का शव उलटा पड़ा है तथा गले और पेट से खून बह रहा था। इसकी सूचना लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को की। करीब 1 घंटे बाद बाणगंगा पुलिस मौके पर पहुंची तथा लाश का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भिजवाई। एसीपी जोन 3 रूबीना आसननी ने बताया कि मृतक की पहचान 40 वर्षीय खोजराम पिता लखन नारंगे निवासी छत्तीसगढ़ के रूप में हुई। वह भागीरथपुरा में अपने दो सगे भाई दुलेश्वर और ताजराम के साथ किराए के मकान में रहता था तथा पोलोग्राउंड स्थित युग स्टूडियो में फोटो एलबम बनाने का काम करता था। पुलिस के मुताबिक खोजराम के साथ 10, 12 और भी साथी हैं, जो छत्तीसगढ़ के हैं एवं यहां काम के लिए कुछ माह पहले आए हैं। पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। हत्या के बाद मौके पर रातभर लाश पड़ी रही। पुलिस का मानना है कि हत्या कहीं ओर की गई और लाश को यहां फेंका गया, क्योंकि मौके पर खून के कोई दाग नहीं मिले। सुबह कई लोग मौके पर देखे गए, जो लाश की वीडियो बना रहे थे।
2 दिन पहले से लापता था
एसीपी ने बताया कि 2 दिन पहले वह शराब के नशे में क्षेत्र में देखा गया था। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला और आज सुबह उसकी खून से सनी लाश मिली। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि उसके साथ किन-किन लोगों ने बैठकर शराब पी थी और ऐसी क्या स्थिति बनी कि उसकी गला रेतकर हत्या कर दी गई। हत्या के पीछे की कहानी दोस्तों के आसपास घूम रही है। करीबियों पर भी पुलिस को शंका है। फिलहाल पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved