
वडोदरा। गुजरात के वडोदरा शहर में खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया है। शहर के वाड़ी इलाके में एक रिहायशी मकान के अंदर अवैध रूप से कुत्तों के बिस्किट बनाने की फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। विभाग ने कार्रवाई करते हुए मौके पर मौजूद माल का निपटान कराया और इकाई को पूरी तरह बंद करने के निर्देश दिए।
दरअसल, वडोदरा के वाड़ी इलाके में रिहायशी क्षेत्र के बीच कुत्तों के बिस्किट बनाने और बेचने का काम किया जा रहा था। शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने फैक्ट्री का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि यहां निर्धारित कानूनी मानकों और आवश्यक लाइसेंस के बिना उत्पादन किया जा रहा था। सबसे गंभीर बात यह रही कि उत्पादों पर शाकाहारी होने का प्रतीक इस्तेमाल किया जा रहा था, जबकि पैकेट पर निर्माण और समाप्ति की तारीख भी दर्ज नहीं थी।
विभाग के मुताबिक, पहले शिकायत मिलने के बाद संबंधित इकाई का खाद्य लाइसेंस रद्द किया जा चुका था, इसके बावजूद कारोबार जारी रखा गया। इसके बाद विभाग ने दोबारा निरीक्षण कर मौके पर मौजूद माल का निपटान कराया और इकाई को पूरी तरह बंद करने का आदेश दिया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मामले में कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी है।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंकुर शाह ने कहा, “इस फैक्ट्री में शाकाहारी प्रतीक का इस्तेमाल किया जा रहा था, जबकि उत्पाद पर निर्माण और समाप्ति की तारीख भी दर्ज नहीं थी। पहले शिकायत मिलने के बाद इनका खाद्य लाइसेंस रद्द कर दिया गया था, फिर भी अवैध रूप से काम जारी था। आज दोबारा निरीक्षण कर मौके पर मौजूद सभी माल का निपटान कराया गया है और संबंधित इकाई को पूरी तरह काम बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved