
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम (Instagram) पर एक और वीडियो साझा (Video shared) कर युवाओं और समर्थकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने पिछले वीडियो पर मिले सकारात्मक प्रतिक्रिया और सुझावों के लिए लोगों को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनका यह जुड़ाव आगे भी इसी तरह बना रहेगा।
वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा, “थैंक यू फ्रेंड्स। कल देर रात आपसे मिलने का मौका मिला। मैंने जो वीडियो पोस्ट किया था, उस पर आपने जिस तरह प्रतिक्रिया दी और सकारात्मक सुझाव दिए, उसके लिए आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद। आपका यह स्नेह और साथ आगे भी बना रहेगा।”
प्रधानमंत्री का यह वीडियो पोस्ट होने के करीब 20 मिनट के भीतर ही 10 लाख से अधिक बार देखा गया, जिससे सोशल मीडिया पर इसकी तेजी से चर्चा होने लगी।
View this post on Instagram
कैबिनेट बैठक में सोशल मीडिया पर दिया था जोर
इससे पहले केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सहयोगियों से सोशल मीडिया, विशेषकर इंस्टाग्राम, पर अधिक सक्रिय रहने की सलाह दी थी। सूत्रों के अनुसार उन्होंने मंत्रियों से पूछा कि वे कितनी नियमितता से इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म का उपयोग करते हैं और कहा कि बड़ी संख्या में युवा इन माध्यमों पर मौजूद हैं। ऐसे में सरकार को सीधे संवाद बढ़ाने के लिए इन प्लेटफॉर्म का प्रभावी उपयोग करना चाहिए।
NEET मुद्दे पर छात्रों को दिया था भरोसा
गुरुवार रात 11:52 बजे साझा किए गए अपने पिछले सेल्फी वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी ने सीधे छात्रों को संबोधित किया था। उन्होंने NEET पेपर लीक मामले का जिक्र करते हुए कहा था कि सरकार छात्रों के साथ खड़ी है और पेपर लीक जैसी घटनाओं को हल्के में नहीं लिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। केंद्रीय मंत्रिमंडल में ऐसे प्रस्तावित कानून पर भी चर्चा होनी है, जिसमें फास्ट-ट्रैक कोर्ट की व्यवस्था और परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों के लिए कड़ी सजा का प्रावधान शामिल है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved