
डेस्क: भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह गुरुवार को गोंडा में ‘सत्यमेव जयते’ रैली के जरिए अब तक का सबसे बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने जा रहे हैं. महिला पहलवानों से जुड़े मामले में 3 अगस्त को अदालत से बरी होने के बाद यह उनका पहला बड़ा सार्वजनिक कार्यक्रम है. करीब 1152 दिन बाद हो रही यह रैली आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिहाज से बेहद अहम है.
आयोजकों का दावा है कि रैली में गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती, अयोध्या समेत आसपास के जिलों से 2 से 3 लाख समर्थक शामिल होंगे. कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कई दिनों से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं. बरी होने के बाद बृजभूषण सबसे पहले वृंदावन गए थे और अपने गुरू रितेश्वर आनंद महाराज से आशीर्वाद लिया था. इसके बाद नोएडा में बेटी शालिनी सिंह की ओर से आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे.
बृजभूषण शरण सिंह गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे चार्टर्ड विमान से अयोध्या पहुंचे. वहां से 300 से अधिक वाहनों के काफिले के साथ गोंडा रवाना हुए. सबसे पहले वे नंदिनी गौमाता मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना, आरती और हवन करेंगे. मंदिर परिसर में चल रहे अखंड रामायण पाठ के समापन में भी शामिल होंगे. धार्मिक अनुष्ठान के बाद वे पैदल रैली स्थल नंदिनी नगर स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचेंगे, जहां समर्थकों को संबोधित करेंगे.
रैली को लेकर पूरे गोंडा जिले में माहौल बनाया गया है. आयोजकों के मुताबिक जिलेभर में करीब ढाई हजार ‘सत्यमेव जयते’ रैली के पोस्टर लगाए गए हैं. नंदिनी गौमाता मंदिर और नंदिनी नगर स्पोर्ट्स स्टेडियम को विशेष रूप से सजाया गया है. रैली स्थल पर विशाल मंच, हजारों लोगों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, पार्किंग और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं.
रैली की तैयारियों का सबसे बड़ा आकर्षण भोजन व्यवस्था भी है. आयोजकों का दावा है कि कार्यक्रम में आने वाले समर्थकों के लिए 40 क्विंटल लड्डू तैयार किए जा रहे हैं. इसके अलावा करीब 2 लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई हैय अलग-अलग कैटरिंग टीमों को भोजन बनाने और वितरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है. दूर-दराज से आने वाले समर्थकों के लिए भी विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं.
राजनीतिक हलकों में इस आयोजन को सिर्फ धन्यवाद रैली नहीं, बल्कि 2027 विधानसभा चुनाव से पहले शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है. बृजभूषण शरण सिंह लंबे समय से गोंडा, कैसरगंज और आसपास के इलाकों में मजबूत राजनीतिक प्रभाव रखते हैं. ऐसे में इस रैली के जरिए वह समर्थकों को एकजुट करने और अपनी राजनीतिक ताकत का संदेश देने की कोशिश करेंगे.
रैली को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. नवाबगंज, तरबगंज और उमरी बेगमगंज थानों की पुलिस के अलावा एक क्षेत्राधिकारी (सीओ) की निगरानी में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. आयोजन स्थल, पार्किंग, प्रवेश और निकास के रास्तों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है. भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved