
भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार (Government of Madhya Pradesh) की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत 37वीं किस्त की राशि लाभार्थी महिलाओं के खातों में भेज दी गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार, 14 जून को सागर जिले की देवरी विधानसभा के केसली से एक कार्यक्रम के दौरान सिंगल क्लिक के माध्यम से पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1500-1500 रुपये ट्रांसफर किए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में कुल 1835 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की। साथ ही उन्होंने देवरी विधानसभा क्षेत्र को लगभग 190.85 करोड़ रुपये के 53 विकास कार्यों की सौगात भी दी। इनमें 122.02 करोड़ रुपये की लागत वाले 28 कार्यों का भूमिपूजन और 68.83 करोड़ रुपये की लागत वाले 25 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। यदि किसी पात्र महिला के खाते में अभी तक योजना की राशि नहीं पहुंची है, तो वह योजना की आधिकारिक वेबसाइट या संबंधित पोर्टल पर जाकर भुगतान की स्थिति (स्टेटस) की जांच कर सकती है।
कौन उठा सकता है योजना का लाभ?
लाड़ली बहना योजना का लाभ मध्य प्रदेश की उन महिलाओं को दिया जाता है जो राज्य की स्थायी निवासी हैं। पात्रता के अनुसार परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। साथ ही परिवार का कोई सदस्य सरकारी नौकरी में नहीं होना चाहिए। परिवार के पास 5 एकड़ से अधिक कृषि भूमि या चार पहिया वाहन नहीं होना चाहिए। इस योजना के तहत विवाहित, विधवा, परित्यक्ता और तलाकशुदा महिलाएं आवेदन कर सकती हैं। आवेदन के समय महिला की आयु 21 से 60 वर्ष के बीच होना आवश्यक है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved