भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

किशोरी को देह व्यापार में धकेलने वाले 6 जेल गए

भोपाल। गांधी नगर थाना पुलिस ने शनिवार को एक 16 वर्षीय किशोरी से देह व्यापार कराने के मामले में शिकायत दर्ज की थी। इस मामले में पीडि़ता की सगी बड़ी बहन और किशोरी के साथ दुष्कर्म करने वाले पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने रविवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। वहां से सभी को जेल भेज दिया गया। किशोरी के अदालत में धारा-164 के तहत बयान दर्ज कराए गए। उसने तीन और लोगों के नाम बताए हैं, जो उसके साथ ज्यादती करते थे। गांधी नगर थाना प्रभारी नीलेश अवस्थी ने बताया कि पीडि़ता के बयान दर्ज करा दिए गए हैं। काउंसलिंग में उसने तीन और लोगों के नाम बताए हैं। पुलिस उनकी सरगर्मी से तलाश कर रही है। इस मामले में किशोरी के साथ सबसे पहले दुष्कर्म करने वाले आरोपी समीर के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। किशोरी ने बताया कि समीर उसे इतनी शराब पिला देता था कि उसे इस बात का होश नहीं रहता था कि वह कहां है। इस वजह से वह उस स्थान का पता नहीं बता पा रही है, जहां समीर उसे ले जाकर ज्यादती करता था।

दबाव बनाने की कोशिश
छोटी बहन को देह व्यापार के नर्क में धकेलने के बाद उसकी बड़ी बहन इंदौर में जाकर रहने लगी थी। उसे जब पता चला कि छोटी बहन की चाइल्ड लाइन में काउंसलिंग चल रही है, तो वह इंदौर से भोपाल आ गई। वह अपने साथ दो वकीलों को लेकर चाइल्ड लाइन पहुंची और किशोरी को घर ले जाने का दबाव बनाने लगी। चाइल्ड लाइन ने बताया कि किशोरी की काउंसलिंग बाल कल्याण समिति के आदेश पर की जा रही है। इसके बाद वह शांत हुई। काउंसलिंग पूरी होने के बाद किशोरी को गांधी नगर थाने भेजा गया। वहां एफ आइआर दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

यह है मामला
गांधी नगर इलाके में परिवार के साथ रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी 10 वीं की छात्रा है। परिवार में माता-पिता के अलावा उसकी एक बड़ी बहन और आठ साल का छोटा भाई है। किशोरी अक्सर घर से बिना बताए गायब हो जाती थी। एक-दो दिन बाद खुद ही वापस भी आ जाती थी। किशोरी के लापता होने पर उसकी मां गुमशुदगी दर्ज कराने थाने पहुंच जाती थी। किशोरी की हरकतों से थाना प्रभारी को कुछ शंका हुई। उन्होंने इस मामले में चाइल्ड लाइन की संचालक अर्चना सहाय से मदद मांगी। अर्चना सहाय ने किशोरी की काउंसलिंग की। किशोरी ने जब अपनी व्यथा सुनाई तो सभी सन्न रह गए।

Share:

Next Post

हनीट्रैप केस: नए आरोपियों को बेनकाब करेगी सरकार

Mon Dec 21 , 2020
एसआईटी में जांच अधिकारियों की संख्या बढ़ाकर दिखाई सख्ती भोपाल। मध्य प्रदेश के बहुचर्चित हनी ट्रैप केस में जांच कर रही एसआईटी का दायरा बढ़ाए जाने पर अब बवाल खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने इस पर सवाल खड़े किए हैं। सवाल यह भी उठने लगा है कि क्या भाजपा सरकार पुराने अफसरों के जरिए […]