
इंदौर। कोरोना संक्रमण के दौरान दूरदराज इलाकों में काम करने वाले मजदूर अपने घर लौट गए थे। लॉकडाउन खुलते ही ये मजदूर दोबारा काम पर जा रहे हैं। ऐसे ही मजदूरों से भरा एक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया और कई मजदूरों को चोटें आईं। बेटमा पुलिस ने बताया कि माचल के पास एक आयशर पलट गई, जिसमें सवार मजदूर बिहार से गुजरात जा रहे थे। वाहन में करीब 40 मजदूर सवार थे। इनमें से 19 मजदूरों को चोटें आई हैं। मजदूर अपने खर्च से वाहन कर गुजरात जा रहे थे। माचल के पास एक ट्रक ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी, जिससे गाड़ी खेत में उतर गई और उसमें मजदूर फंस गए। घायल मजूदरों के नाम इसराजुद्दीन, अलाउद्दीन, उजीर, मोहम्मद मुदीन, अर्जुन, जाकिर, इजराइल सहित अन्य हैं। इधर भंवरकुआं क्षेत्र स्थित तक्षशिला परिसर में एक कार चालक ने दो वाहनों को टक्कर मारी। उसकी कार पलटी खा गई थी, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीधा किया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved