भोपाल। प्रदेश की पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर आज (गुरुवार को) भोपाल के सैर-सपाटा में प्रथम महिला बाइकिंग ट्रेल (Tigress on the trail) कार्यक्रम के तहत महिला बाइकर्स रैली को रवाना करेंगी। रैली में शामिल होने वाली 15 महिला बाइकर्स 1500 किलोमीटर का सफर भोपाल से शुरू करेंगी और मढ़ई, पेंच, कान्हा, बान्धवगढ़, पन्ना एवं खजुराहो से होते हुए वापस भोपाल पहुंचेंगी।
पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव शिव शेखर शुक्ला ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य सभी पर्यटकों को यह विश्वास दिलाना है कि मध्यप्रदेश “एकल महिला यात्री” (solo woman traveller) के लिए पूर्णत: सुरक्षित गंतव्य है, जहां साहसिक पर्यटन की अपार सम्भावनाएं उपलब्ध हैं।
महिला बाइकर्स प्रतिभागी
उन्होंने बताया कि टाइग्रेस ऑन द ट्रेल में राष्ट्रीय स्तर की 15 प्रतिष्ठित महिला बाइकर्स द्वारा भागीदारी की जा रही है। इनमें मुंबई, इटली, भुवनेश्वर, तमिलनाडू, इंदौर, पश्चिम बंगाल, पंजाब, पुणे, पटना-बिहार और बैंगलुरू की महिला बाइकर्स शामिल हैं। ये सभी महिला बाइकर्स लंबा अनुभव लिये हुए हैं। इन महिला बाइकर्स द्वारा वन्य जीव संरक्षण, साहसिक पर्यटन का विकास तथा पर्यावरण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश यात्रा के दौरान दिये जायेंगे। (हि.स.)
Share: