
भोपाल। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में मौसम (Weather) ने एक साथ दो रंग दिखाने शुरू कर दिए हैं। कहीं बारिश और कीचड़ ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है तो कहीं सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। चक्रवाती तूफान अकवान (Cyclonic Storm Akwan) और पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर प्रदेश के मौसम पर दिखाई दे रहा है। पूर्वी मध्य प्रदेश के 12 जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान बारिश का अलर्ट है, जबकि पश्चिमी हिस्से में रात का तापमान तेजी से गिर रहा है। शाजापुर के गिरवर में पारा 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। मौसम के इस बदले मिजाज का असर जनजीवन पर भी पड़ने लगा है। उज्जैन में ठंड को देखते हुए स्कूलों का समय बदल दिया गया है। यहां नर्सरी से आठवीं तक की कक्षाएं सुबह नौ बजे से पहले नहीं लगेंगी। वहीं, उमरिया में बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर दलदल जैसे हालात बन गए। सड़क पर फिसलन और कीचड़ के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
इन 12 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार को पूर्वी मध्य प्रदेश के 12 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इनमें मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा शामिल हैं। इससे पहले शनिवार को मंडला, सिंगरौली, डिंडौरी, मैहर, रीवा और सीधी समेत कई इलाकों में बारिश हुई। अनूपपुर के अमरकंटक में इससे पहले करीब एक इंच पानी गिर चुका है। लगातार हो रही बारिश से पूर्वी जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है।
शाजापुर में सबसे ज्यादा ठंड, भोपाल में भी 9.5 डिग्री पारा
प्रदेश में बारिश के बीच रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक शाजापुर के गिरवर में न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस रहा। बैतूल में 9.2 डिग्री और नीमच के मरुखेड़ा, छतरपुर के नौगांव तथा भोपाल में 9.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
अन्य शहरों का न्यूनतम तापमान
रायसेन में 10.6 डिग्री
धार में 10.9 डिग्री
खजुराहो में 11.4 डिग्री
रतलाम और नरसिंहपुर में 12.2 डिग्री
उज्जैन में 12.5 डिग्री
इंदौर में 12.7 डिग्री
श्योपुर में 12.8 डिग्री
दतिया, ग्वालियर और खरगोन में 13 डिग्री
खंडवा में 13.4 डिग्री
गुना में 14.2 डिग्री
एक तरफ बारिश, दूसरी तरफ सर्द हवाएं; इसलिए बदला मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में चक्रवाती तूफान अकवान का असर दिखाई दे रहा है। इसके साथ ही पूर्वी हिस्से में निम्न दाब क्षेत्र सक्रिय है। इन मौसमी परिस्थितियों के कारण पूर्वी जिलों में बारिश और आंधी का दौर बना हुआ है। दूसरी ओर कश्मीर और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है। वहां से आ रही ठंडी हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में रात का तापमान गिर रहा है। मौसम का मौजूदा बदलाव इसी दोहरे असर का नतीजा है।
आगे और बढ़ेगी ठंड, उत्तरी जिलों में ज्यादा असर
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ सकता है। खासकर ग्वालियर-चंबल संभाग में उत्तरी हवाओं के सीधे पहुंचने से तापमान में ज्यादा गिरावट की संभावना रहती है। नवंबर के दूसरे सप्ताह से ठंड बढ़ने का सामान्य ट्रेंड है। ग्वालियर में नवंबर में न्यूनतम तापमान का ऐतिहासिक रिकॉर्ड तीन डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जबकि उज्जैन में यह 2.3 डिग्री तक दर्ज किया जा चुका है। भोपाल, इंदौर और जबलपुर में नवंबर के दौरान बारिश की गतिविधियां भी देखने को मिलती हैं। इस बार महीने की शुरुआत में ही बारिश का दौर सक्रिय हो गया है। महीने के तीसरे और चौथे सप्ताह में भी मौसमी सिस्टम सक्रिय होने पर बारिश की संभावना बन सकती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved