
भोपाल। राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकाय चुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। वार्ड के साथ महापौर और अध्यक्ष पद के आरक्षण की प्रक्रिया हो चुकी है। निकायों की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन भी एक-दो दिन में हो जाएगा। इसके बाद चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया जाएगा। वहीं, प्रदेश कांग्रेस ने तय किया है कि विधायकों को निकाय चुनाव जितवाने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। प्रत्याशी चयन में आम सहमति पर जोर रहेगा। इसके लिए चयन समितियां बनाई गई हैं, जिनकी औपचारिक घोषणा सोमवार को होगी।
सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश कांग्रेस ने तय किया है कि स्थानीय चुनावों में जिला कांग्रेस की सक्रिय और प्रभावी भूमिका रखी जाएगी। प्रत्याशियों का चयन जिला स्तर पर ही होगा और इसमें सभी वरिष्ठ नेताओं की सहमति होगी। बताया जा रहा है कि सभी विधायकों को स्थानीय चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ की ओर से दिए गए हैं। उन्हें अपने विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ जिले के अन्य निकायों में भी पार्टी प्रत्याशियों को जिताने में भूमिका निभानी होगी। भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर नगर निगम के लिए प्रत्याशी चयन में विधायकों की राय को महत्व दिया जाएगा।
सूत्रों का कहना है कि प्रदेश से पहले कुछ जिला कार्यकारिणी को भंग किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश संगठन ने तैयारियां भी कर ली हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ के निर्देश पर फीडबैक जुटाकर प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। इन पर अंतिम निर्णय भी प्रदेश अध्यक्ष ही लेंगे। वहीं, विधानसभा के उपचुनाव में भितरघात करने वाले कुछ नेताओं पर भी कार्रवाई की जा सकती है। इसके प्रमाण संगठन को विभिन्न् माध्यमों से उपलब्ध कराए गए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved