
PTI7_14_2018_000148B
पटना। पूर्व उपमुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने कहा कि पूंजी निवेशकों को कोसने वाले लालू प्रसाद यादव और वामपंथी बिहार को उद्योगों की कब्रगाह बनाना चाहते हैं।
उन्होंने ट्वीट कर कहा कि कॉमरेड की संगत में रहने वाले राजद (राष्ट्रीय जनता दल) ने हमेशा उद्योग-व्यापार में निवेश कर लोगों को रोजगार देने वालों के प्रति घृणा फैलायी, जिससे 15 साल में इस समुदाय के हजारों लोगों को पलायन करना पड़ा। खेती और व्यवसाय दोनों को चौपट कर बेरोजगारी बढ़ाने का गुनहगार राजद चुनाव से पहले बेरोजगारों का हमदर्द बनने के लिए दस लाख सरकारी नौकरी देने का झांसा दे रहा था और अब उसके नेता पूंजी निवेशकों को कोसने में लगे हैं। महागठबंधन बिहार को बंगाल की तरह उद्योग-व्यापार की कब्रगाह बनाना चाहता है।
एक अन्य ट्वीट में सांसद सुशील मोदी ने कहा कि लालू प्रसाद ने वामपंथियों को अपना नेचुरल फ्रेंड माना। इसलिए उनके राज में नक्सली हिंसा से बिहार के किसान बर्बाद हुए। इसके बदले कम्युनिस्टों ने लालू-राबडी राज के भ्रष्टाचार, परिवारवाद और फिरौती-अपहरण उद्योग के खिलाफ कभी धरना-प्रदर्शन नहीं किया। उन्होंने कहा कि बिहार की बदहाली के लिए राजद के साझा-गुनहगार कम्युनिस्टों को जनता ने 16वीं विधानसभा में मात्र तीन सीट पर सिमटा दिया था, लेकिन लालू प्रसाद ने फिर उन्हें सिर उठाने का मौका दे दिया। जब तक राजद और वामदल हावी रहेंगे, बिहार के विकास में अड़ंगेबाजी होती रहेगी। (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved