
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में ममता बनर्जी के धुर विरोधी के रूप में जाने जाने वाले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी जय श्रीराम के नारेबाजी के मुद्दे पर ममता के समर्थन में उतर गए हैं। उन्होंने कहा है, “जय श्री राम का नारा भगवान राम के प्रति श्रद्धा दिखाने के लिए नहीं बल्कि वास्तविकता में ममता बनर्जी को अपमानित करने के लिए लगाया गया था और इसकी मैं घोर निंदा करता हूं।”
विक्टोरिया मेमोरियल में शनिवार को आयोजित पराक्रम दिवस कार्यक्रम में ममता बनर्जी के संबोधन के लिए नाम पुकारे जाने के बाद दर्शक दीर्घा में बैठे कुछ लोगों ने जय श्रीराम के नारे लगाए थे जिसके बाद नाराज ममता ने संबोधन से इनकार कर दिया था। उन्होंने केंद्र पर बुलाकर अपमानित करने का आरोप लगाया था। इसे लेकर चौधरी ने मीडिया से कहा है कि प्रधानमंत्री का पद हो या मुख्यमंत्री का, संवैधानिक पदों का सम्मान किया जाना जरूरी है। अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि ममता बनर्जी के साथ हमारा राजनीतिक मतभेद जरूर है लेकिन वह पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री हैं और आधिकारिक समारोह में उनका अपमान किया गया है। यह स्वीकार्य नहीं है। (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved