img-fluid

राजधानी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया गणतंत्र दिवस

January 27, 2021

भोपाल।राजधानी सहित प्रदेशभर में मंगलवार को हर्षोल्लास के साथ गणतंत्र दिवस मनाया गया। प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा ने भोपाल में ध्वजारोहण किया। वहीं भाजपा और कांग्रेस कार्यालय के साथ ही सभी सरकारी विभागों में ध्वजारोहण किया।

लाल परेड ग्राउंड पर नयनाभिराम झांकियों ने मोहा मन
भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में गणतंत्र दिवस के अवसर पर हुए राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मध्यप्रदेश विधानसभा के सामयिक अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा ने ध्वजारोहण किया। परेड की सलामी लेने के बाद विभिन्न प्लाटून ने मार्च पार्ट का प्रदर्शन किया। इसके बाद विभिन्न विभागों की 15 से अधिक झांकियां निकाली गई। नयनाभिराम झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। झांकी के माध्यम से विभागों ने सकारात्मक संदेश दिया। लाल परेड ग्राउंड पर पहली झांकी खाद्य प्रसंस्करण विभाग की रही, जिसमें आगर जिले के संतरे की झलक दिखाई दी। गृह विभाग की झांकी में दुर्घटना में घायल व्यक्ति को डायल 100 के माध्यम से अस्पताल तक पहुंचाने एवं अतिक्रमण हटाओ की कार्रवाई के दौरान हुड़दंग करने वालों से निपटने का सजीव चित्रण किया गया। वन विभाग की झांकी में बाघ और तेंदुए को दिखाकर जंगल का दृश्य बताया गया। मेट्रो से जुड़ी झांकी भी शामिल हुई, जिसमें मेट्रो रेल योजना के बारे में समझाया गया। इसके अलावा कृषि विभाग, जनजाति विभाग, एमएमएसई, पुरातत्व, पंचायत, सामाजिक न्याय आदि विभागों द्वारा भी मनोरम झांकियां निकाली गई। आकर्षक तरीके से सजी झांकियों को देखकर उपस्थित लोग वाहवाही किए बगैर नहीं रह सके।

आकर्षक मार्चपास्ट का आयोजन
मुख्य समारोह में विभिन्न प्लाटून ने मार्च पास्ट का प्रदर्शन भी किया। इसमें पुलिस, सशस्त्र बल, होमगार्ड, जेल विभाग के प्लाटून शामिल रहे। परेड की सलामी मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश विधानसभा के सामयिक अध्यक्ष शर्मा ने ली। उन्होंने इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के करीब 43 पेज के संदेश का वाचन भी किया। इस मौके पर आदिवासी समुदाय के नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति भी दी गई।

केन्द्रीय सरकार आवासीय परिसर में मनाया गया गणतंत्र दिवस
केन्द्रीय सरकार आवासीय परिसर, ई-8, भरत नगर के रहवासियों द्वारा देशभक्ति और उत्साहपूर्ण माहौल में गणतंत्र दिवस मनाया गया। इस दौरान केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग के अधिकारीगण, रेसिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्य और बड़ी संख्या में रहवासी उपस्थित थे। ध्वजारोहण, अतिरिक्त महानिदेशक, केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग एस आर किनरा द्वारा प्रमुख अभियंता, केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग, जे जे आर मीना एवं वरिष्ठ अभियंता, केंद्रीय लोक निर्माण विभाग रमेश गुप्ता की उपस्थिति में किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन रेसिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन केंद्रीय आवासीय परिसर, भोपाल के तत्वावधान में डॉ. धीरेन्द्र सिंह यादव (सचिव), सुशील कुमार चौरे (उप सचिव), चेतन धकाते (कोषाध्यक्ष), सदस्य गण अजित सिंह, नरेन्द्र कुमार, भंवर लाल झंजिया आदि ने किया।

जनसम्पर्क में संचालक ने फहराया ध्वज
जनसम्पर्क संचालनालय में संचालक जनसम्पर्क आशुतोष प्रताप सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान राष्ट्र गान का सामूहिक गायन हुआ। संचालक ने कहा कि अधिकारों के साथ कत्र्तव्यों का भी हमेशा ध्यान रखें। उन्होंने स्टाफ को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। इस मौके पर अपर संचालक सुरेश गुप्ता, डॉ. एचएल चौधरी एवं अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री निवास पर ध्वजारोहण
भोपाल में गणतंत्र दिवस पर मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव मनीष रस्तोगी ने ध्वजारोहण किया। रस्तोगी ने निवास कार्यालय के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी।

 

Share:

  • इंग्‍लैंड की टीम चार टेस्‍ट मैचों की सीरीज के लिए पहुंची भारत के इस शहर में

    Wed Jan 27 , 2021
    चेन्नई। भारत और इंग्‍लैंड (India vs England) के बीच चार टेस्‍ट मैचों की सीरीज 5 फरवरी से चेन्‍नई में शुरू होगी। शुरुआती दो टेस्‍ट मैच चेन्‍नई में और आखिरी के दो टेस्‍ट मैच अहमदाबाद में खेले जाएंगे। कप्तान जो रूट समेत इंग्लैंड क्रिकेट टीम के सदस्य भारत के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला के […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2025 Agnibaan , All Rights Reserved