
जबलपुर। मंझौली थाना क्षेत्रातंर्गत ग्राम सुहजनी से एक व्यक्ति रक्षा बंधन पर्व पर अपनी बहन को ले जाने के लिये शहर आया हुआ था, वहां घर पर उसकी पत्नि ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत कैसे हुई, इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में यह बात सामने आई है कि महिला को काफी दिनों से पेट में तकलीफ थी, हालांकि पुलिस ने उक्त मामले में आवश्यक कार्रवाई मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि सुहजनी निवासी 35 वर्षीय सूरज बेन बीते दिवस अपनी बहन को रक्षाबंधन पर्व पर घर ले जाने के लिये शहर गया हुआ था। घर पर उसकी पत्नि 30 वर्षीय शांतिबाई व अन्य परिजन थे। सूरज जब शहर से वापस लौटा तो उसके घर पर भीड़ लगी हुई थी और परछी पर उसकी पत्नि शांति बाई मृत पड़ी हुई थी। जिसके बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई और मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि मृतिका पेट दर्द से पीडि़त थी, हालांकि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का खुलासा होगा कि महिला की मौत कैसे हुई है। बहरहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved