
जबलपुर। आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर की प्रमुख सड़कों को दुरुस्त करने का काम नगर निगम ने तेज कर दिया है। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने दो नई अत्याधुनिक मशीनों से शहर के प्रमुख मार्गों पर पैचवर्क कार्य की शुरुआत कराई। निगम का दावा है कि त्योहारों से पहले व्यस्त सड़कों, पूजा पंडालों, मंदिरों, झांकी मार्गों और विसर्जन स्थलों से जुड़े रास्तों को प्राथमिकता से दुरुस्त किया जाएगा।
महापौर ने कहा कि आधुनिक मशीनों के उपयोग से पैचवर्क का काम कम समय में पूरा होने के साथ उसकी गुणवत्ता भी बेहतर होगी। मशीनों से सड़क की सतह को समतल करने के बाद डामरीकरण और फिलिंग का कार्य किया जा रहा है। इससे मरम्मत कार्य की मजबूती बढऩे और पैचवर्क के जल्द उखडऩे की संभावना कम होने की बात कही गई है। निगम के अनुसार, त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए प्रमुख मार्गों पर तेजी से काम कराया जा रहा है। महापौर ने कहा कि प्रयास है कि त्योहारों की शुरुआत से पहले शहर की व्यस्त सड़कों और सार्वजनिक मार्गों का पैचवर्क पूरा कर लिया जाए। आधुनिक मशीनों के कारण सड़क पर लंबे समय तक निर्माण कार्य चलने से होने वाली असुविधा और जाम की स्थिति को भी कम करने का प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान नगर निगम अध्यक्ष रिंकु विज, लोक निर्माण प्रभारी एवं एमआईसी सदस्य विवेक राम सोनकर, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, संभागीय यंत्री आशीष पाटकर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved