
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह (Former Chief Minister of Uttar Pradesh Kalyan Singh) के निधन पर शोक व्यक्त किया है। कल्याण सिंह का आज लखनऊ के संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसजीपीजीआई) में सेप्सिस और मल्टी ऑर्गन फेल्योर के कारण निधन हो गया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कल्याण सिंह के साथ अपनी एक फोटो ट्वीट कर श्रद्धांजलि देते हुए कहा, “मैं अपना दुख शब्दों में बयां नहीं कर सकता, कल्याण सिंह जी … राजनेता, अनुभवी प्रशासक, जमीनी स्तर के नेता और महान इंसान थे। उत्तर प्रदेश के विकास में उनका अमिट योगदान है। मैंने उनके पुत्र राजवीर सिंह से बात की और अपनी संवेदना व्यक्त की।”
एक अन्य ट्वीट में पीएम मोदी ने लिखा, भारत के सांस्कृतिक उत्थान में कल्याण सिंह जी के योगदान के लिए आने वाली पीढ़ियां हमेशा उनकी आभारी रहेंगी। वह दृढ़ता से भारतीय मूल्यों में निहित थे और हमारी सदियों पुरानी परंपराओं पर गर्व करते थे। प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि कल्याण सिंह जी ने समाज के वंचित तबके के करोड़ों लोगों को आवाज दी। उन्होंने किसानों, युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में कई प्रयास किए। वो सच्चे अर्थों में जननायक थे।
उल्लेखनीय है कि कल्याण सिंह दो महीने से अस्वस्थ थे। उन्होंने आज रात सवा नौ बजे आखिरी सांस ली। वह अस्पताल में जीवन रक्षक प्रणाली पर थे। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री को संक्रमण और चेतना का स्तर कम होने के कारण 4 जुलाई को अस्पताल के गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया था। 89 वर्षीय नेता ने राजस्थान के राज्यपाल के रूप में भी काम किया है। (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved