
मुख्यमंत्री ने सपरिवार निवास पर की गोवर्धन पूजा
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गोवर्धन पूजा हमें पर्यावरण बचाने का संदेश देती है। भगवान ने यह धरती केवल मनुष्यों के लिए ही नहीं, बल्कि इस पर रहने वाले जीव-जन्तु, पेड़-पौधों, वनस्पति, जलचर-थलचर-नभचर सबके लिए बनाई है। भगवान श्री कृष्ण ने गोवर्धन पूजा का संदेश हजारों वर्ष पूर्व दिया था। प्रगति की चाह में मनुष्य ने पर्यावरण असंतुलन पैदा कर दिया है। ऐसे समय में पर्यावरण बचाने के लिए हम सभी को प्रयास करना चाहिए।
मुख्यमंत्री चौहान ने शुक्रवार को परिवार के साथ गोवर्धन पूजा के अवसर पर भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास में पूजा-अर्चना की। उन्होंने गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा भी की। मुख्यमंत्री चौहान की धर्मपत्नी साधना सिंह एवं बेटे कुणाल भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने गौ माता और बछियों को दुलार कर पूजा की और प्रसाद एवं आहार खिलाकर पुण्य भी अर्जित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम पेड़ों की पूजा करें, पर्वतों की पूजा करें। यहाँ तक कि पशु-पक्षियों को भी आत्मभाव से देखें। गौ माता की पूजा का मतलब भी यही है। गौ माता में 33 करोड़ देवी देवताओं का वास माना गया है। हम सबको प्रकृति एवं गौ माता के संरक्षण एवं संवर्धन का भी प्रण लेना चाहिए। उन्होंने प्रकृति, समस्त जीव-जन्तुओं के संरक्षण, प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और संपन्नता की कामना की। (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved