मुंबई । मुंबई पुलिस के पूर्व आयुक्त परमबीर सिंह (Former Mumbai Police Commissioner Parambir Singh) रंगदारी वसूली के एक मामले की जांच के सिलसिले में शुक्रवार को ठाणे में पुलिस अधिकारियों के समक्ष पेश हुए। ठाणे पुलिस (Thane Police) उनसे पूछताछ कर रही है। इसके बाद परमबीर सिंह आज ही चांदीवाल आयोग के समक्ष उपस्थित होंगे। भगोड़ा घोषित होने और गिरफ्तारी से सुप्रीम कोर्ट का संरक्षण मिलने के बाद गुरुवार को मुंबई पहुंचे परमबीर सिंह (Parambir Singh) से मुंबई पुलिस ने रंगदारी वसूली के एक अन्य मामले में करीब सात घंटे तक पूछताछ की थी।
परमबीर सिंह सहित 29 लोगों पर क्रिकेट बुकी विमल जालान ने रंगदारी वसूली का आरोप लगाते हुए ठाणे नगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करवाया था। इस मामले में ठाणे पुलिस ने परमबीर सिंह के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था। ठाणे जिला कोर्ट ने परमबीर सिंह के विरुद्ध गैरजमानती वारंट भी जारी किया था। इसी वजह से परमबीर सिंह आज ठाणे पुलिस के समक्ष वकील के साथ उपस्थित हुए।
ठाणे पुलिस की ओर से इस पूछताछ का ब्योरा नहीं मिल सका है, लेकिन सूत्रों ने बताया कि परमबीर सिंह पूर्वाह्न 10.30 बजे के करीब अपने वकील के साथ ठाणे नगर पुलिस स्टेशन पहुंचे। पुलिस उपायुक्त अविनाश अंबुरे जांच की निगरानी के लिए थाने में मौजूद थे। परमबीर सिंह के खिलाफ महाराष्ट्र में जबरन वसूली के पांच मामले दर्ज हैं, जिनमें से दो मामले ठाणे में दर्ज हैं। ठाणे पुलिस ने इन दो मामलों की जांच के लिए विशेष जांच टीम गठित की है। एजेंसी/हिस