
भोपाल। बुंदेलखंड के हर खेत को पानी मिल सके, लोगों को पेयजल मिले, इसके लिए मोदी सरकार ने केन बेतवा लिंक परियोजना को स्वीकृति दी है। हम अपनी ओर से, बुंदेलखंडवासियों की ओर से केंद्र की मोदी सरकार को बहुत-बहुत धन्यवाद देते हैं एवं आभार व्यक्त करते हैं। अब बुंदेलखंड सूखे के लिए नहीं पहचाना जाएगा, बल्कि समृद्धि इसकी पहचान बनेगी। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री उमाश्री भारती ने राजनगर के कुटी सरकार धाम में नागरिक अभिनंदन के दौरान कही।
केन बेतवा लिंक परियोजना की स्वीकृति एवं इसके लिए बजट आवंटित होने पर नागरिकों की ओर से राजनगर विधानसभा के ग्रामगंज स्थित कुटी सरकार धाम में पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री उमाश्री भारती एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा का नागरिक अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री उमाश्री भारती ने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र का विकास मेरा सपना रहा है। यहां रेल सुविधाओं और पर्याप्त पानी की उपलब्धता के लिए जो सपने मैंने देखे थे, आज वो पूरे हो गए हैं। वहीं, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने अभिनंदन के लिए क्षेत्र की जनता को धन्यवाद दिया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved