
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के वृक्षारोपण के संकल्प का एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी आज प्रदेश भर में वृक्षारोपण कर रही है। प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से वृक्षारोपण करने का आह्वान किया है। शर्मा ने कहा है कि मुख्यमंत्री ने प्रतिदिन पौधारोपण का जो संकल्प लिया था वह सामान्य संकल्प नहीं था। उन्होंने पूरे वर्ष प्रतिदिन वृक्षारोपण करके यह साबित किया है कि वे पर्यावरण को लेकर अपनी संकल्प शक्ति के धनी व्यक्ति है। उन्होंने पर्यावरण के संवर्धन और संरक्षण की दिशा में जो प्रेरक और अद्वितीय कार्य किया है वैसे उदाहरण दुनिया में कम ही मिलते हैं। यद्यपि गत 19 फरवरी को मुख्यमंत्री के प्रतिदिन पौधारोपण के संकल्प का एक वर्ष पूर्ण हुआ था, लेकिन उस दिन मुख्यमंत्री कोविड पॉजिटिव थे, इसलिए उस दिवस के उपलक्ष्य में आज 24 फरवरी को प्रदेश भर में वृक्षारोपण के इस अभियान को पार्टी ने हाथ में लिया है। शर्मा ने कार्यकर्ताओं से आव्हान किया है कि वे अपने-अपने स्थानों पर वृक्षारोपण कर उन वृक्षों के संरक्षण और संवर्धन के पुख्ता प्रबंध भी करें। उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री जी का यह संकल्प हम सभी को पर्यावरण के प्रति संकल्पबद्ध होने का मार्ग प्रशस्त करता है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved