
उज्जैन। कल 29 नवम्बर को सुबह 6 बजे राहुल गाँधी सांवेर से पैदल चलकर उज्जैन में प्रवेश करेंगे। इसी दिन शाम को उनकी सामाजिक न्याय परिसर में आम सभा होगी। इसके पहले आज दोपहर से ही ट्रेफिक व्यवस्था में बदलाव हो जाएगा। कल आमसभा पहुँच मार्ग की ओर आने वाले कई रास्तों का तड़के से ही ट्रेफिक डायवर्ट कर दिया जाएगा। सभा स्थल के बाहर अरूण वर्मा मित्र मंडली द्वारा नाश्ते की व्यवस्था की गई है।
राहुल गाँधी भारत जोड़ो यात्रा लेकर कल सुबह 6 बजे सांवेर से उज्जैन के लिए रवाना होंगे। सुबह 10 बजे के करीब राहुल की यात्रा उज्जैन में प्रवेश करेगी। निनोरा में यात्रा के पहुँचने पर यहाँ राहुल गाँधी नाश्ता करेंगे और आराम करेंगे। इसके बाद वे यहाँ से आगे बढ़कर दोपहर 2 बजे तपोभूमि के लिए रवाना होंगे। इसके बाद वे दोपहर पौने 3 बजे तक यहाँ से महाकाल मंदिर दर्शन हेतु रवाना होंगे। महाकाल दर्शन के बाद राहुल गाँधी सामाजिक न्याय परिसर तक पैदल यात्रा कर पहुँचेंगे और शाम 4 बजे यहाँ सभा लेंगे। इसके बाद 5.50 बजे राहुल गाँधी सामाजिक न्याय परिसर से पैदल यात्रा शुरु कर सुरासा की ओर रवाना होंगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे। 30 नवम्बर की सुबह 6 बजे राहुल गाँधी सुरासा से नजरपुर के लिए पैदल यात्रा लेकर रवाना होंगे। इधर राहुल गाँधी के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने राहुल गाँधी की यात्रा के प्रवेश मार्ग से लेकर महाकाल और फिर आमसभा स्थल से वापसी मार्ग तक की ट्राफिक व्यवस्था का प्लान दो दिन के लिए तैयार किया है। इसमें आज दोपहर 2 बजे से सीधे इंदौर-उज्जैन जाने वाले मार्ग को डायवर्ट कर दिया जाएगा।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved